EPFO EEC 2026: नौकरी करने वाले लोगों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई व्यवस्थाओं में कर्मचारी भविष्य निधि भी महत्वपूर्ण है। ईपीएफ के तहत कर्मचारी और नियोक्ता की ओर से निर्धारित योगदान जमा होता है। इससे कर्मचारी को भविष्य के लिए बचत के साथ-साथ पेंशन और बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिल सकती हैं।
इसी व्यवस्था के दायरे से बाहर रह गए पात्र कर्मचारियों को शामिल करने के लिए कर्मचारी नामांकन अभियान यानी EEC 2026 शुरू की गई है। यह एक विशेष, एकमुश्त अवसर है, जिसके जरिए पात्र नियोक्ता उन कर्मचारियों को EPF के दायरे में ला सकते हैं जो निर्धारित अवधि में कवरेज से छूट गए थे। बता दें कि कर्मचारी नामांकन अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक खुला है।
आइए इससे पहले हम ये जान लेते हैं कि कर्मचारी भविष्य निधि क्या है और आप इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं।
क्या है कर्मचारी भविष्य निधि यानी EPF?
EPF या कर्मचारी भविष्य निधि, एक सामाजिक सुरक्षा और सेवानिवृत्ति बचत व्यवस्था है। इसे मूल रूप से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा संचालित किया जाता है। इसमें पात्र कर्मचारी और नियोक्ता योगदान करते हैं। इस अकाउंट में जमा राशि कर्मचारी के भविष्य के लिए वित्तीय सुरक्षा तैयार करने में मदद करती है।
ईपीएफओ के तहत कर्मचारी भविष्य के अलावा कर्मचारी पेंशन स्कीम (EPS) और कर्मचारी जमा-लिंक्ड बीमा योजना (EDLI) जैसी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाएं भी जुड़ी हैं। ईईसी 2026 के तहत शामिल होने वाले पात्र कर्मचारियों को इनसे संबंधित लाभ भी मिल सकते हैं।
क्या है कर्मचारी नामांकन अभियान 2026?
कर्मचारी नामांकन अभियान 2026 केंद्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत ईपीएफओ द्वारा शुरू किया गया विशेष अभियान है। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र कर्मचारियों को ईपीएफ कवरेज में लाना है जो पहले इससे बाहर रह गए थे।
इस अभियान के तहत 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच ईपीएफ कवरेज से छूटे पात्र कर्मचारियों को शामिल किया जा सकता है। कर्मचारी की घोषणा संबंधित नियोक्ता द्वारा की जाती है और कर्मचारी को घोषणा की तारीख पर जीवित तथा उसी प्रतिष्ठान में कार्यरत होना चाहिए।
EEC 2026 की अंतिम तिथि कब है?
कर्मचारी नामांकन अभियान EEC 2026 की सबसे महत्वपूर्ण तारीख अर्थात अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। ईपीएफओ ने नियोक्ताओं से अपील की है कि पात्र कर्मचारियों का नामांकन और संबंधित प्रक्रिया इस तारीख से पहले पूरी कर लें।
कर्मचारी नामांकन अभियान 2026 से किसे लाभ मिलेगा?
यह अभियान मुख्य रूप से उन पात्र कर्मचारियों के लिए है जो निर्धारित अवधि में ईपीएफ कवरेज से छूट गए थे। हालांकि, कर्मचारी खुद सीधे अपनी ओर से अभियान में नामांकन नहीं कराता। नियोक्ता को पात्र कर्मचारी की घोषणा और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसलिए यदि किसी कर्मचारी को लगता है कि वह पात्र होते हुए भी ईपीएफ कवरेज से बाहर रह गया था, तो उसे अपने एचआर विभाग से इस संबंध में जानकारी लेनी चाहिए।
अभियान में पुराने रिकॉर्ड को नियमित करने के लिए कुछ विशेष रियायतें दी गई हैं। उदाहरण के लिए यदि संबंधित कर्मचारी का हिस्सा पहले वेतन से काटा नहीं गया था, तो निर्धारित शर्तों के अधीन कर्मचारी के पुराने हिस्से के योगदान को माफ किया जा सकता है। इसका उद्देश्य पुराने मामलों को नियमित करना और अधिक कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है।
EEC 2026 में नामांकन कैसे होगा?
ईपीएफओ के अनुसार नियोक्ताओं को निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से कर्मचारी का नामांकन और योगदान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। घोषित कर्मचारी के लिए उमंग एप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन आधारित यूएएन तैयार किया जाना है। इसके बाद योगदान इलेक्ट्रनिक चालान – कम – रिटर्न के माध्यम से जमा किया जाता है। इसलिए कर्मचारियों को अपनी ओर से कोई अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट नियुक्त करने की जरूरत नहीं है। प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए अपने नियोक्ता या ईपीएफओ के आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करना बेहतर है।
EPF में शामिल होने के क्या फायदे हैं?
ईपीएफ कवरेज से कर्मचारी को केवल भविष्य के लिए बचत का लाभ नहीं मिलता, बल्कि सामाजिक सुरक्षा का व्यापक ढांचा भी मिलता है। ईईसी 2026 के तहत ईपीएफ कवरेज में आने वाले पात्र कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ईपीएफ बचत, पेंशन कवरेज और बीमा सुरक्षा (EDLI) जैसे लाभ मिल सकते हैं।


