Campus Boom.
जमशेदपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर को जारी आदेश में कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्नब’ और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज जोन में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों में विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। यह निर्देश अल्पसंख्यक विद्यालयों पर भी लागू होगा।
इसके साथ ही जिले के सभी संबंधित विद्यालयों को अपनी ई-विद्यावाहिनी में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
पूर्व निर्धारित परीक्षाओं पर विद्यालय प्रबंधन ले सकेगा निर्णय
आदेश में कहा गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से इस संबंध में निर्णय ले सकता है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।


