Campus Boom.
जमशेदपुर, 7 नवंबर। खुशियां बांटने और समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मकता लाने के उद्देश्य से अनुराग फाउंडेशन ने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए विशेष फिल्म प्रदर्शन का आयोजन किया। पीजेपी सिनेपोलिस में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने ‘रामायण’ फिल्म का आनंद लिया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ उनके परिवारों को रोजमर्रा की चुनौतियों और चिंताओं से कुछ समय के लिए दूर कर खुशी के यादगार पल उपलब्ध कराना था।
थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों का जीवन नियमित रूप से रक्त चढ़ाने, दवाइयों, अस्पतालों के चक्कर और निरंतर चिकित्सकीय देखभाल के बीच गुजरता है। इन परिस्थितियों में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी कई शारीरिक और भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अनुराग फाउंडेशन की इस पहल ने बच्चों और उनके परिवारों को सामान्य जीवन के खुशनुमा पलों का आनंद लेने तथा आपसी खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया।
फिल्म ‘रामायण’ के प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, रावण और वीर जटायु जैसे पात्रों के जीवंत चित्रण ने बच्चों को खूब रोमांचित किया। सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न, हंसी-खुशी और उत्साह के बीच बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ यादगार समय बिताया। यह आयोजन उनके लिए मनोरंजन के साथ-साथ भावनात्मक प्रसन्नता का भी माध्यम बना।
उल्लेखनीय है कि अनुराग फाउंडेशन अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिल्वर जुबली मना रहा है। इसी विशेष वर्ष में संस्था की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा और मानवीय सरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में संस्था की वरिष्ठ पदाधिकारी एवं ट्रस्टी सुमिता नूपुर सिंह और मृदुला राजे उपस्थित रहीं। संस्था की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी दास के साथ कार्यवाहक सुकन्या दास, प्राची राजे और जपलीन कौर ने आयोजन में विशेष योगदान दिया। समिति की ओर से कंचन सिंह, हर्षा, नविता, मंगल शाह, रश्मि और गीता भी उपस्थित रहीं।
अनुराग फाउंडेशन की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामाजिक सेवा केवल जरूरतों को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी के जीवन में खुशी, अपनापन और मुस्कान के कुछ पल जोड़ना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है।


