Campus Boom.
जमशेदपुर। पोटका और टांगराईन के बच्चों की रचनात्मक पहल अब राष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुंचने जा रही है। बच्चों ने महुआ वृक्ष और उससे जुड़े जीव-जंतुओं एवं पक्षियों के साथ अपने संबंधों को कला, कहानी, कविता और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से ‘महुआ ज़ीन’ में दर्ज किया है। इन ज़ीन को अब 3 अक्टूबर 2026 को कोलकाता में आयोजित ClimateEd Summit 2026 में प्रदर्शित किया जाएगा।
यह पहल सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) के तत्वावधान में फुल टाइम हेजहोग स्टूडियो की शैलज़ा के सहयोग से आयोजित कार्यशालाओं के माध्यम से की गई। बच्चों द्वारा तैयार ज़ीन को इससे पहले ClimateEd Week India 2026 के दौरान ऑनलाइन प्रदर्शित किया जा चुका है।
महुआ स्थानीय जीवन, संस्कृति और जैव-विविधता से गहराई से जुड़ा वृक्ष है। कार्यशालाओं में बच्चों ने महुआ और उसके आसपास पाए जाने वाले जीव-जंतुओं तथा पक्षियों के बीच संबंधों को अपनी समझ और कल्पना के आधार पर अभिव्यक्त किया। पहले सत्र में बच्चों ने साही (झींक) और महुआ, दूसरे में हाथी और महुआ, जबकि तीसरे सत्र में चमगादड़ और महुआ के संबंधों पर काम किया।
बच्चों ने फैन-फोल्ड और अकॉर्डियन शैली में ज़ीन तैयार कीं। शुरुआती दो कार्यशालाओं में बच्चों ने छोटे समूहों में रचनात्मक कार्य किया, जबकि तीसरे सत्र में सभी ने मिलकर एक लंबी सामूहिक ज़ीन तैयार की। इसमें बच्चों के विचारों, भावनाओं, सवालों और कल्पनाओं को स्थान दिया गया। कार्यशालाओं में कला एवं शिल्प के अलावा खेल, कहानियों और कविताओं को भी शामिल किया गया।
अरबिंद कुमार तिवारी ने कहा कि जब बच्चे अपने आसपास की प्रकृति को अपनी नजर से देखते और उसे व्यक्त करते हैं, तभी जलवायु शिक्षा सार्थक बनती है।
पूरी रचनात्मक प्रक्रिया का मार्गदर्शन फुल टाइम हेजहोग स्टूडियो की शैलज़ा ने किया। कार्यशाला को सफल बनाने में युवा की कापरा मांझी और अंजना देवगम ने सक्रिय भूमिका निभाई।


