Campus Boom.
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) ने अपना 11वां स्थापना दिवस पूरे दिन मानव सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ मनाया। संस्था ने इस विशेष दिन को सेवा, संवेदना, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व के नाम समर्पित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।
दिन की शुरुआत पार्वती घाट के पीछे स्थित नव जाग्रत मानव समाज कुष्ठ आश्रम के अंत्योदया भवन परिसर से हुई। यहां संस्था की ओर से आश्रम में रह रहे जरूरतमंद लोगों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया।
इसके बाद जमशेदपुर ब्लड सेंटर में केक काटकर स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, चिकित्सकगण, पदाधिकारी, संस्था के चेयरमैन पुलक कुमार सेनगुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाचार पत्रिकाओं का वितरण करने वाले चार सदस्यों छोटेलाल, कृष्णा कुमार, सुरेश और गणेश तथा नारी शक्ति अष्टमी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सभी को एक माह का सूखा राशन प्रदान किया गया, जिसमें 15 प्रकार की खाद्य सामग्री शामिल थी। इसके अतिरिक्त साड़ी, धोती, गमछा और टी-शर्ट सहित नए वस्त्र भी भेंट किए गए।
रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले टीम पीएसएफ के आठ शतकवीर रक्तदाताओं को ‘सौ रक्तदान, सौ जिंदगी’ अभियान के तहत टीम पीएसएफ वीर गौरव मानव सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कुमारेस हाजरा, रवि शंकर, मनोरंजन गौड़, उत्तम कुमार गोराई, शुभेंदु मुखर्जी, कमल कुमार घोष, अवधेश कुमार वर्मा और अजित कुमार भगत शामिल रहे।
मानवीय संवेदना की इसी कड़ी में कैंसर अस्पताल के रेस्ट हाउस में रह रहे मरीजों और उनके परिजनों के बीच स्वादिष्ट नाश्ते का वितरण किया गया। वहीं, संस्था के कई सदस्यों ने जमशेदपुर ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान एवं एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) दान कर स्थापना दिवस को और भी सार्थक बनाया।
इस आयोजन की सबसे भावुक और महत्वपूर्ण पहल यह रही कि टीम पीएसएफ ने अपना 11वां स्थापना दिवस भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन, नारी शक्ति स्वरूपा रूपी सोरेन तथा पिछले एक वर्ष के दौरान दिवंगत हुए पत्रकार साथियों की स्मृति को समर्पित किया।
कार्यक्रम में संजय चौधरी, पुलक कुमार सेनगुप्ता, दीपक कुमार मित्रा, भास्कर कुंडू, बासुदेव दास, कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर, शुभेंदु मुखर्जी, किशोर साहू, मनोरंजन गौड़, अवधेश कुमार वर्मा, अजित कुमार भगत, देवनाथ सिंह, बी. शेषा गिरि, सरोज कुमार प्रामाणिक, राजेश कुमार पटेल सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने सभी सदस्यों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्था की सेवा यात्रा में सभी के योगदान की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और झारखंड स्थापना दिवस की बधाई दी।


