Campus Boom.
आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन और सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि साहित्य, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए भी एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। डिजिटल दुनिया में हिंदी साहित्य, कविता, लेखन और विचारों से जुड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी संभावनाओं को पहचानते हुए ‘साहित्यसिंधिका’ देशभर के लेखकों, रचनाकारों और साहित्यप्रेमियों को एक साझा मंच पर जोड़ने की पहल कर रहा है।
‘एक मंच, अनेक अभिव्यक्तियां’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे इस साहित्यिक मंच का उद्देश्य उन लोगों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर देना है, जिनके भीतर साहित्य के प्रति गहरी रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति की इच्छा है। मंच के माध्यम से साहित्यप्रेमियों को अपनी कविताएं, मौलिक रचनाएं, साहित्यिक विचार और वीडियो साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन रचनाओं को रचनाकारों के नाम और परिचय के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
साहित्य से जुड़ने की इच्छा रखने वालों के लिए अवसर
साहित्यसिंधिका की सह-संस्थापिका अंजना सिंह का कहना है कि आज सोशल मीडिया पर साहित्यप्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद है। युवा हों या अन्य आयु वर्ग के लोग, अनेक लोग हिंदी साहित्य से जुड़ रहे हैं और अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से साहित्यिक दुनिया में योगदान देना चाहते हैं। ऐसे लोगों को एक मंच पर जोड़कर हिंदी साहित्य के लिए काम करना एक सकारात्मक पहल है।
उनका मानना है कि कई बार लोगों के मन में विचार और भावनाएं तो होती हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने में झिझक महसूस होती है। साहित्य ऐसी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है। एक साझा साहित्यिक मंच न केवल इस झिझक को कम कर सकता है, बल्कि नए रचनाकारों को अपनी बात व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर भी प्रदान कर सकता है।
युवाओं की सक्रियता से बढ़ रही उम्मीद
अंजना सिंह के अनुसार, आज की युवा पीढ़ी साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। युवा कविता, लेखन, पुस्तकों और सामाजिक विषयों से जुड़े विचारों को डिजिटल माध्यमों पर साझा कर रहे हैं। ऐसे रचनात्मक लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना और उनकी अभिव्यक्ति को अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
साहित्यसिंधिका इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहा है, ताकि साहित्य केवल पुस्तकों और पारंपरिक साहित्यिक आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों और नई पीढ़ी के बीच भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराए।
मंच की कोशिश है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहकर साहित्य सृजन करने वाले लोगों को समान अवसर मिले। उनकी रचनाओं को पहचान मिले और नए विचारों तथा नई साहित्यिक आवाजों को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचने का रास्ता मिले।
डिजिटल दौर में जब अभिव्यक्ति के अनेक माध्यम उपलब्ध हैं, ऐसे में साहित्यसिंधिका की यह पहल साहित्य को नई पीढ़ी से जोड़ने और रचनात्मक संवाद को विस्तार देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में देखी जा सकती है।


