अजय मुस्कान।
“राखी : बचपन की उजली डोर”
रिश्तों की इस भीड़ में,
कुछ रिश्ते मौन पुकार—
दूर रहें तो भी धड़कन में
रहते हैं सदा सवार।
कलाई पर जब बँधता धागा,
जगता भूला प्यार,
राखी केवल पर्व नहीं है—
घर लौटता है बचपन बार-बार।
माँ के आँगन की मिट्टी में
पाँव अभी भी धँसे,
रूठे-रूठे दो बचपन जैसे
एक खिलौने पर हँसे।
वक़्त बदलता, उम्र बदलती,
बदलें कितने द्वार—
पर बहना की एक पुकार में
फिर अपना हो परिवार।
रेशम की इस डोर में जैसे
दुआ बँधी अनमोल,
बहन नहीं बस राखी बाँधे—
बाँधे मन के बोल।
भाई होना ढाल बनाना
ही तो नहीं विचार—
उसकी आँखों के मौन को पढ़ना
भाई होने का सार।
दूर शहर की राहें कितनी,
बीच समय की धूल,
फिर भी मन की देहरी पर
स्मृतियाँ जाएँ न भूल।
एक तिलक, दो मीठे शब्द और
आँखों में संसार—
राखी बाँधे दूरी के माथे
अपनापन हर बार।
धागा कल कलाई से छूटे,
रिश्ता कैसे छूटे?
ऋतुएँ अपनी चाल बदल लें,
स्नेह कहाँ फिर रूठे!
एक तरफ़ बहना की दुआ है,
एक तरफ़ स्वीकार—
‘बरखा’ की राखी में ‘अजय’ को
मिलता अपना संसार।



