Varun Prabhat.
समृद्धि के शोर में कंकाल
तुमने इमारतें खुदवाईं
पत्थर का देवता निकाला
तुमने इतिहास के
गर्भ में जाकर
रोपना चाहा बीज
बबूल का
फैलाया हवा में
बारूदी गंध, जहरीली उत्तेजना
चाहा बदलना लगातार
परिधि भूगोल की
तुमने नगाड़े बजवाए
दीये जलवाए
पिटा डंका चहुँओर
समृद्धि, सुशासन का
बनकर विश्व गुरु तुम
मँडराते रहे आकाश में
लेकिन,
उस दिन जब कंधे पर
लेकर कंकाल
चल पड़ा जीतू मुंडा
मापने जमीन तुम्हारी
अपनी ही व्यवस्था में तुम
बज-बजा रहे थे
सड़ांध भरा नाला बनकर
वरुण प्रभात एक प्रसिद्ध युवा साहित्यकार, लेखक, कवि हैं जो जमशेदपुर के अलावा देश के विभिन्न साहित्यिक मंचों पर अपनी उपस्थिति और प्रस्तुति से एक अलग पहचान बनाए हुए हैं.


