Divyanshi Mishra.
क्यों डरूं मैं?
क्यों डरूँ मैं…
जब डर ने ही मुझे जन्म दिया है,
हर “मत कर” ने मेरे भीतर
एक “कर के दिखा” जिया है।
क्यों डरूं मैं उन आवाज़ों से
जो मेरी धड़कनों को बांटना चाहती हैं,
जो मेरी उड़ानों को
अपनी सोच से नापना चाहती हैं।
मैंने वो रातें भी देखी हैं
जहाँ नींद भी मुझसे डर जाती थी,
जहाँ मेरी ही परछाई
मुझसे नज़रें चुरा जाती थी।
मैंने खुद को खुद में दफनाकर
फिर खुद ही जिंदा किया है,
मैंने अपने ही हाथों
अपने दर्द का जनाज़ा उठाया है।
तो अब बताओ…
क्यों डरूँ मैं?
डर तो तब था
जब मैं “लड़की” थी,
जब हर ख्वाब से पहले
मुझे इजाज़त की आदत थी।
अब मैं आदत नहीं, इरादा हूँ,
अब मैं खामोशी नहीं, वादा हूँ,
अब मैं वो आँसू नहीं
जो पलकों पर रुक जाए…
मैं वो समंदर हूँ
जो हर बांध तोड़ जाए।
कहते हैं… “सीमा में रहो…”
मैं हँसती हूँ… “मैं सीमा नहीं, विस्तार हूँ,”
तुम किताबों में ढूंढते रह गए मुझे,
मैं हर अधूरी कहानी का सार हूँ।
मैंने सीखा है…
टूटना भी एक कला है,
और बिखरकर फिर से बन जाना
सबसे बड़ी विजय की भला है।
मेरे जख्म अब डराते नहीं,
ये तो मेरी पहचान हैं,
हर दर्द की राख में छुपे
मेरे ही उड़ान के अरमान हैं।
जब मेरे हौसलों में ही मेरी जीत लिखी है,
जब मेरी पहचान ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।
मैं लड़की हूँ…
और अब डर नहीं, गर्व हूँ।



