अजय मुस्कान, जमशेदपुर.
“उड़ान देह की नहीं थी”
उस क्षण
जब मैंने दोनों बाँहें फैलाकर
आकाश को छूना चाहा,
आकाश ज़रा भी नीचे नहीं आया,
पर भीतर कुछ अवश्य ऊँचा उठ गया।
मैं उतनी ही धरती पर था जितना पहले,
फिर भी लगा मानो कोई अदृश्य बंधन टूट गया हो।
तभी समझ में आया-
उड़ना शरीर का गुण नहीं, मन की अवस्था है।
पहाड़ों के बीच उस हरे विस्तार में
मैंने कोई आसन नहीं लगाया था,
न प्राणायाम की गिनती थी,
न मुद्राओं का अनुशासन।
फिर भी उस क्षण कुछ था
जो मुझे धरती से हल्का कर रहा था।
मैं उछला तो था देह से, पर उड़ान मन ने भरी थी।
योग केवल शरीर का गाँठों से समझौता नहीं है,
योग तो उन अदृश्य उलझनों का भी है जो…..
भीतर…….. विचारों के जंगल में उग आती हैं।
शरीर स्वस्थ हो और मन भय से भरा रहे,
तो पाँव होते हुए भी मनुष्य चल नहीं पाता।
पर मन स्वस्थ हो जाए, तो
थके हुए कदम भी यात्रा बन जाते हैं।
योग वह नहीं जो केवल मांसपेशियों को लचीला करे,
योग वह है जो स्मृतियों के बोझ को हल्का कर दे,
जो अपेक्षाओं के शोर में एक शांत कोना बचाए रखे।
जब भीतर का संतुलन बाहर की परिस्थितियों से बड़ा हो जाता है,
तब मनुष्य धरती पर रहते हुए भी आकाश का नागरिक हो जाता है।
और तब हवा में उड़ना कोई चमत्कार नहीं रहता—
वह केवल इस बात का प्रमाण होता है कि
मन ने अपने ही भार से मुक्त होना सीख लिया है।
क्योंकि अंततः
सबसे ऊँची उड़ान पंख नहीं भरते,
एक शांत, स्वस्थ और स्वयं से जुड़ा हुआ मन भरता है।॥


