Campus Boom.
पोटका प्रखंड के आदिवासी बहुल सुदूरवर्ती गांव टांगराईन में उस समय भावुक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब जाने-माने समाजसेवी एवं व्यवसायी विमल अग्रवाल, विश्वनाथ शर्मा एवं सांवरलाल शर्मा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन पहुंचे और बच्चों के बीच खुशियों की सौगात बांटी।
समाजसेवियों ने विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच खिलौने एवं विभिन्न उपहार वितरित किए। उपहार मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक साफ दिखाई देने लगी। किसी की आंखों में उत्साह था तो कोई खिलखिलाकर मुस्कुरा रहा था। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
इस अवसर पर विमल अग्रवाल ने कहा, “इन बच्चों की आंखों में जो उम्मीद दिखाई देती है, वही हमें इस तरह के कार्यों के लिए प्रेरित करती है। बच्चों की मुस्कान किसी भी पुरस्कार से बड़ी होती है।”
वंचित बच्चों के विकास के लिए समर्पित है विद्यालय
मालूम हो कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय टांगराईन क्षेत्र के हो, संथाल, मुंडा एवं भूमिज आदिवासी समुदायों तथा वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विद्यालय बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी सशक्त बनाने का प्रयास करता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरबिन्द कुमार तिवारी ने समाजसेवियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज के सफल और संवेदनशील लोग बच्चों तक पहुंचते हैं, तो बच्चों के भीतर बड़े सपने देखने की प्रेरणा जन्म लेती है। उन्होंने समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाज और शिक्षा के बीच बना प्रेरणादायक सेतु
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समाज और विद्यालय मिलकर बच्चों के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं। इस तरह की पहल न केवल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती है, बल्कि समाज और शिक्षा के बीच एक जीवंत सेतु का निर्माण भी करती है। समाजसेवियों का यह प्रयास क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।




