Campus Boom.
परीक्षा परिणामों के इस दौर में शहर की तनाव निवारण संस्था “मुस्कान” ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें। संस्था का कहना है कि झारखंड बोर्ड (JAC), सीबीएसई और आईसीएसई के परिणाम जारी होने के बाद कई छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं, जिसका एक बड़ा कारण अभिभावकों की अपेक्षाएं और दबाव है।
मुस्कान संस्था के अनुसार, अत्यधिक दबाव के कारण छात्रों का पढ़ाई के प्रति रुझान कम हो जाता है और वे सही विषय या करियर का चयन नहीं कर पाते। कई बार यह तनाव उन्हें गलत कदम उठाने की ओर भी धकेल देता है, जिसका खामियाजा बाद में परिवार को भुगतना पड़ता है।
संस्था ने अभिभावकों को समझाते हुए कहा कि बच्चों की तुलना उतनी ही करें, जितनी उनकी क्षमता हो। “जैसे चाय में उतनी ही चीनी डालनी चाहिए जितनी जरूरत हो,” उसी तरह बच्चों पर भी संतुलित अपेक्षाएं रखना जरूरी है।
हेल्पलाइन पर मिल रही निःशुल्क व गोपनीय काउंसलिंग
मुस्कान संस्था ने छात्रों और अभिभावकों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर 8092867918 जारी किया है, जहां निःशुल्क और गोपनीय काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है। घबराहट, बेचैनी, अत्यधिक तनाव या अन्य मानसिक परेशानी होने पर इस नंबर पर संपर्क कर विशेषज्ञों से सलाह ली जा सकती है।
संस्था के महासचिव एवं काउंसलर बिजेंद्र कुमार ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों को उनकी इच्छा और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने दें और हर परिस्थिति में उनका सहयोग करें। वहीं संस्था के अध्यक्ष शशि भूषण मिश्रा ने कहा कि कोई भी स्ट्रीम—साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स—कमतर नहीं होती, छात्र हर क्षेत्र में अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं।
मुस्कान संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है जितना उनकी पढ़ाई, इसलिए अभिभावकों को संवेदनशीलता और समझदारी के साथ उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।


