Ajay Muskan.
“श्रम शक्ति…!!”
मज़दूर हूँ, मजबूर नहीं,
मेहनत करता हूँ, क़सूर नहीं।
पेट मेरी भी भरे, सबकी भी रोटी रहे,
फिर क्यों शिकायत करूँ हुज़ूर कहीं…?
मज़दूर हूँ, मजबूर नहीं…
मेहनत करता हूँ, क़सूर नहीं…
भूख से लड़ता, प्यास से लड़ता,
सर्दी, गर्मी, बरसात से लड़ता।
हालात से, जज़्बात से लड़ता,
धूल, मिट्टी और पहाड़ से लड़ता।
भत्तों से लड़ता, सत्ता से लड़ता,
उन्मादी हर जत्था से लड़ता।
जीने को जीवन-व्यवहार से लड़ता,
पर सबसे पहले अपने किरदार से लड़ता।
उचित सम्मान और व्यवहार के लिए,
हर दिन मैं अधिकार के लिए लड़ता।
मज़दूर हूँ, मजबूर नहीं…
मेहनत करता हूँ, क़सूर नहीं…
किस्मत का रोना रोता नहीं,
विश्वास स्वयं पर खोता नहीं।
सपनों के आकाश में जीता हूँ,
उम्मीदों का आँगन सींचता हूँ।
“दो वक़्त की रोटी” की ख़ातिर,
स्वाभिमान कभी बेचता नहीं।
मज़दूर हूँ, मजबूर नहीं…
मेहनत करता हूँ, क़सूर नहीं…
नदियों पर बाँध बनाता हूँ,
रेल की पटरियाँ बिछाता हूँ।
श्रम-शक्ति का हूँ मैं प्रहरी,
कल-कारखाने और भवन सजाता हूँ।
पर्वत चीर रास्ते देता हूँ,
सबको खाने को निवाला देता हूँ।
फिर क्यों अपना जीवन सस्ता…?
क्यों सबसे कम मेरा हिस्सा…?
देश की उन्नति भी हमसे है,
राज्य की प्रगति भी हमसे है।
मेहनत के बदले बस रोटी माँगी,
फिर भी दुनिया हमसे अनजानी।
फिर कहो, एक दिन ही क्यों
“मज़दूर दिवस” मनाते हो…?
फिर कहो, एक दिन ही क्यों
“मज़दूर दिवस” मनाते हो…?
अजय मुस्कान


