Campus Boom.
मातृशक्ति के सम्मान में राजेंद्र विद्यालय, घुटिया में रविवार को भव्य एवं भावनात्मक “मदर्स डे” समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह, उल्लास और पारिवारिक स्नेह के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर ने माताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी माताओं का अभिनंदन किया। इसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत एवं नृत्य ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “मदर-डॉटर डुएल डांस” रहा, जिसमें माँ और बेटियों के शानदार तालमेल ने सभी को प्रभावित किया। वहीं “तेरी ऊँगली पकड़कर चला” गीत पर आधारित भावपूर्ण नृत्य एवं अभिनय ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
माताओं के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। “म्यूजिकल चेयर”, “रैम्प वॉक”, “कुक विदाउट फायर” और “रंगोली प्रतियोगिता” में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है और बच्चों के जीवन में संस्कार, अनुशासन एवं सफलता की नींव माँ ही रखती है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान ही समाज का वास्तविक सम्मान है।अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन परिवार और विद्यालय के संबंधों को मजबूत बनाते हैं। कई माताओं ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को उपहार एवं शुभकामना संदेश देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। तालियों की गूंज, मुस्कान और भावनाओं से भरा यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।


