Chandan Anju Mishra.
मैं ये जीवन वार दूंगी
तेरे स्वप्नों से परे हो ,
तुमको इतना प्यार दूंगी।
साथी तुम बस पग बढ़ाना,
मैं ये जीवन वार दूंगी ।।
अपनों के तानों के कंटक, संग मिलकर हम चुनेंगे।
रेशा रेशा हो समर्पण , ऐसी एक डोरी बुनेंगे ।।
तुम बनना दर्पण मेरे, मैं बनूं छाया तुम्हारी ।
पेड़ पौधे और लताएं , गायेंगे गाथा हमारी।।
प्रेमालिंगन दो जो मुझको,
बदले ये संसार दूंगी।
साथी तुम बस पग बढ़ाना,
मैं ये जीवन वार दूंगी ।।
सारे अश्रु मुझको देकर, ले लो सारी खुशियाँ मेरी।
तुम्हारा वर्णन मुख करे क्या, बोलती हैं अँखियाँ मेरी।।
गठबंधन बांधा साजन, सब हुआ तुमको समर्पित।
हृदय पुष्प प्रेम का सादर ,कर रही हूं तुझको अर्पित।।
स्वांस तन मन पर अपने,
तुमको ही अधिकार दूंगी ।
साथी तुम बस पग बढ़ाना,
मैं ये जीवन वार दूंगी ।।
भीगे इन नयनों ने की है, वर्षों इस क्षण की प्रतीक्षा ।
मांग मेरी सिंदूरी करके, पूर्ण करदो मेरी इच्छा ।।
हरियाली न लाती बरखा, सूखे सूखे बीते सावन।
अब मिलन की साक्ष्य होगी, हवन की अग्नि ये पावन।।
फूलों की वरमाला जो दो ,
मैं बाहों का हार दूंगी।
साथी तुम बस पग बढ़ाना,
मैं ये जीवन वार दूंगी ।।
चन्दन अंजू मिश्रा


