Campus Boom.
दक्षिणी छोटा गोविंदपुर पंचायत की 18 वर्षीय इंटर की छात्रा निशा कुमारी आज अपने क्षेत्र की किशोरियों और महिलाओं के बीच जागरूकता की मिसाल बन चुकी हैं। जिस विषय पर कभी खुलकर बात करना भी मुश्किल माना जाता था, उसी माहवारी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर निशा अब न केवल खुलकर संवाद कर रही हैं, बल्कि अपने समुदाय में जागरूकता फैलाने का काम भी कर रही हैं। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े निशा कुमारी के अथक प्रयास की कहानी।
223 से अधिक लोगों तक पहुँचाया जागरूकता का संदेश
निशा ने अपने प्रयासों से अब तक 223 से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुँचाया है, जबकि लगभग 100 लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला है। उन्होंने समुदाय की किशोरियों और महिलाओं के बीच माहवारी स्वच्छता, सही जानकारी और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने को लेकर लगातार काम किया है।
डर और झिझक से आत्मविश्वास तक का सफर
निशा बताती हैं कि पहले माहवारी को लेकर उनके मन में डर, शर्म और झिझक थी। समाज में इस विषय को चुप्पी और संकोच के दायरे में रखा जाता था। कई किशोरियाँ और महिलाएँ आज भी इस विषय पर खुलकर बात नहीं कर पाती हैं। लेकिन जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़ने के बाद उनके भीतर आत्मविश्वास आया और उन्होंने इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया।
महिलाओं और किशोरियों के बीच चलाया जागरूकता अभियान
निशा ने पीपल फॉर चेंज संस्था के साथ मिलकर माहवारी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। निशा कहती हैं कि शुरुआत में महिलाएँ और किशोरियाँ माहवारी पर चर्चा करने में संकोच करती थीं, लेकिन लगातार संवाद और बैठकों के बाद अब उनमें बदलाव दिखाई देने लगा है। अब महिलाएँ खुलकर सवाल पूछती हैं और अच्छी एवं खराब स्वच्छता के बारे में जानने लगी हैं।
Campus Summer Event 2026: अब छात्रों के साथ शिक्षकों को भी मंच, भेजिए अपनी कविता
सामाजिक मिथकों को तोड़ने की कोशिश
निशा के अनुसार, समाज में माहवारी को लेकर कई मिथक और गलत धारणाएँ अब भी मौजूद हैं। लड़कियों और महिलाओं को अशुद्ध मानना, मंदिर नहीं जाने देना जैसी बातें आज भी कई जगह देखने को मिलती हैं। ऐसे माहौल में जागरूकता फैलाना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने धैर्य और समझदारी के साथ लोगों के बीच विश्वास कायम किया।
पूजा की कहानी बनी बदलाव की मिसाल
उन्होंने एक किशोरी पूजा का उदाहरण साझा करते हुए बताया कि पहले वह माहवारी को लेकर बेहद डरी और शर्मिंदा रहती थी। जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उसमें आत्मविश्वास आया और अब वह भी इस विषय पर खुलकर बात करने लगी है। निशा के लिए यही सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उनके प्रयासों से समुदाय में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है।
“माहवारी प्राकृतिक प्रक्रिया है, शर्म नहीं”
निशा का मानना है कि माहवारी एक प्राकृतिक और सामान्य प्रक्रिया है, जिसे लेकर शर्म नहीं बल्कि सही जानकारी और स्वच्छता की आवश्यकता है। वह कहती हैं कि सैनिटरी पैड का सही उपयोग और समय-समय पर बदलाव स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
कम उम्र में समाज की सोच बदलने की दिशा में काम कर रही निशा आज अपने क्षेत्र की किशोरियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि सही जानकारी, जागरूकता और आत्मविश्वास से समाज की पुरानी सोच को बदला जा सकता है।



