Campus Boom.
हर सप्ताह अस्पताल जाना, खून चढ़वाना, इंजेक्शन और दवाइयों के सहारे जीवन जीना किसी भी इंसान को तोड़ सकता है। लेकिन टेल्को के घोड़ाबाँधा निवासी नीतू कुमारी महतो ने अपनी बीमारी को कमजोरी नहीं, बल्कि समाज में बदलाव लाने की ताकत बना लिया। पिछले 23 वर्षों से “थैलेसीमिया मेजर” जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही नीतू आज खुद संघर्ष की मिसाल बनकर लोगों को जागरूक करने में जुटी हैं। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े पूर्वी सिंहभूम के घोड़ाबांधा की नीतू महतो के संघर्ष की कहानी।
मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मी नीतू का जीवन सामान्य बच्चों जैसा नहीं रहा। बचपन से ही उन्हें हर सप्ताह रक्त चढ़वाना पड़ता है। लगातार दर्द, दवाइयों और अस्पतालों के बीच बीता जीवन आज भी आसान नहीं है, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। नीतू कहती हैं, “बीमारी से बड़ी चीज होती है – हिम्मत, प्यार और संघर्ष।”
वर्तमान में नीतू ग्रेजुएशन की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। साथ ही वे सामाजिक संस्था People For Change के “Adir Fellowship” प्रोजेक्ट के तहत एक “Adir Fellow” के रूप में कार्य कर रही हैं। उनका उद्देश्य समाज में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को समय रहते जांच एवं बचाव के लिए प्रेरित करना है।
आदिवासी बहुल क्षेत्र में फैलाई जागरूकता
नीतू का कार्यक्षेत्र तिलका बस्ती, घोड़ाबाँधा है, जो आदिवासी बहुल क्षेत्र है। यहां लोगों में थैलेसीमिया और रक्तदान को लेकर कई मिथक और डर मौजूद थे। जब नीतू ने अपने चेंजमैकर्स के साथ सर्वे किया तो पाया कि अधिकांश लोगों को इस बीमारी की कोई जानकारी नहीं थी।
इसके बाद उन्होंने लगातार जागरूकता अभियान शुरू किए। समुदाय में बैठकों, पोस्टर मेकिंग और संवाद कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक सरल भाषा में जानकारी पहुंचाई गई। धीरे-धीरे लोगों का डर कम हुआ और अब वे थैलेसीमिया एवं रक्तदान को लेकर खुलकर बात करने लगे हैं।
510 लोगों तक पहुंचा संदेश, चार बच्चों की हुई पहचान
नीतू और उनकी टीम अब तक दो बड़े जागरूकता अभियान चला चुकी है। एक अभियान के दौरान शहर के प्रसिद्ध Manipal Medical College से डॉ. नादिया ने समुदाय में पहुंचकर लोगों को थैलेसीमिया के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अब तक नीतू और उनकी टीम लगभग 510 लोगों तक पहुंच चुकी है। जागरूकता अभियान के दौरान ऐसे चार बच्चों की पहचान हुई है, जो थैलेसीमिया से पीड़ित हैं। अब नीतू और उनकी टीम उन बच्चों को सरकारी सुविधाएं दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही डॉक्टरों की सहायता से स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने की तैयारी भी चल रही है।
“कोई बच्चा इस दर्द के साथ जन्म न ले”
नीतू कहती हैं कि उन्होंने यह विषय इसलिए चुना क्योंकि वे स्वयं इस पीड़ा से गुजर रही हैं। वे नहीं चाहतीं कि जानकारी के अभाव में कोई और बच्चा इस बीमारी का शिकार हो और उसका बचपन दर्द में बीते।
उनका सपना है कि आने वाले समय में उनका समुदाय “थैलेसीमिया मुक्त” बने, जहां हर व्यक्ति जागरूक हो, समय पर जांच कराए और कोई भी बच्चा इस बीमारी के साथ जन्म न ले।
युवाओं की टीम बन रही बदलाव की ताकत
नीतू अकेले नहीं हैं। उनके साथ 20 युवाओं की एक टीम काम कर रही है, जिन्हें वे अपने “चेंजमैकर्स” कहती हैं। यह टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। नीतू मानती हैं कि छोटी-छोटी बातचीत भी समाज की सोच बदल सकती है। यही वजह है कि आज उनका संघर्ष सिर्फ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक बड़ा अभियान बन चुका है।
थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए भी जिस साहस और समर्पण के साथ नीतू समाज में बदलाव की मशाल जला रही हैं, वह न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि मजबूत इरादों के सामने कठिनाइयाँ भी छोटी पड़ जाती हैं।



