Campus Boom.
कदमा निवासी 18 वर्षीय पियूष साहू इन दिनों अपने अनोखे सामाजिक कार्यों के कारण चर्चा में हैं। कक्षा 11वीं के छात्र पियूष ने यह साबित कर दिया है कि सेवा के लिए न उम्र मायने रखती है और न ही संसाधनों की कमी। अपने प्रयासों से वे सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत कड़ी बन चुके हैं। Campus Boom के Change Maker of Society श्रृंखला के इस कड़ी में पढ़े पियूष साहू के प्रयासों की कहानी।
शास्त्री नगर बना सेवा का केंद्र
पियूष ने अपने अभियान की शुरुआत शास्त्री नगर से की, जहाँ वे डिजिटल साक्षरता के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ रहे हैं। उनका मुख्य ध्यान आयुष्मान भारत और ABHA कार्ड जैसी स्वास्थ्य योजनाओं पर है, जिनके जरिए गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है।
हालांकि, जानकारी के अभाव और प्रक्रिया की जटिलता के कारण कई लोग इन योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। पियूष ने इस समस्या को पहचाना और लोगों तक सही जानकारी पहुँचाने के साथ-साथ उनका कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी भी उठाई।
600 से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
अब तक पियूष 600 से अधिक लोगों का आयुष्मान और ABHA कार्ड बनवा चुके हैं। उनके इस प्रयास से सैकड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह पहल काफी मददगार साबित हो रही है।
पियूष अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा का संतुलन भी बखूबी निभा रहे हैं। साधारण परिवार से आने के कारण वे लोगों की समस्याओं को करीब से समझते हैं और पूरी निष्ठा के साथ उनकी मदद करते हैं।
Campus Summer Event 2026: अब छात्रों के साथ शिक्षकों को भी मंच, भेजिए अपनी कविता
स्पष्ट लक्ष्य और मजबूत इरादा
पियूष कहते हैं,
“मेरा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने स्वास्थ्य अधिकार से वंचित न रहे। डिजिटल इंडिया का लाभ हर घर तक पहुँचना चाहिए।”
युवाओं के लिए प्रेरणा
आज के समय में पियूष साहू जैसे युवा समाज के लिए प्रेरणा बनकर उभर रहे हैं। उनका यह प्रयास न केवल लोगों को जागरूक कर रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ा रहा है।
फैक्ट फाइल:
नाम: पियूष साहू
उम्र: 18 वर्ष
निवास: कदमा, जमशेदपुर
कार्य क्षेत्र: शास्त्री नगर
उपलब्धि: 600+ आयुष्मान और ABHA कार्ड निर्माण
शिक्षा: कक्षा 11




