Anamika Dixit.
कौन हो तुम?
प्रकट होते हो चतर्भुज रूप धर,
माँ के आह्वान पर,
करते हो अतिप्रिय शिशु-लीला
विनती पर माता की।
जानकर भी कि मृग नहीं होते स्वर्ण के,
भार्या की इच्छा का करते हो सम्मान,
बनते हो स्त्री के अभिमान के रक्षक,
कि एक तृण भी बन जाता है अस्त्र।
विश्वरूप का कराते हो दर्शन माँ को,
और बंध जाते हो उसके ही प्रेम से,
वस्त्र-हरण कर लेते हो गोपियों के,
मिटा देते हो भेद आत्मा और परमात्मा का।
सखी की वेदना पर बन जाते हो चीर अनंत,
सम्मान का नहीं होने देते तनिक भी हनन,
गज की आर्त पुकार पर देते हो जीवनदान,
कर देते हो होलिका का दहन, भक्तवत्सल।
मिटाते हो अंतर्मन के अंधकार को,
बनकर सारथी शूरवीर महान के,
स्वीकार करते हो दोष स्त्री-हरण का,
और स्वीकार करते हो गांधारी के श्राप भी।
मानव जन्म पाकर सहते हो दुःख अनंत,
प्रिया से वियोग ही रहता है जीवनपर्यंत।
हे नारायण, हे जगन्नाथ,
हे जगतप्रभु, हे कृपानिधान,
जग के स्वामी होकर भी करते हो सेवा,
कहते हो— कोई कर्म नहीं मेरे हेतु शेष।
फिर क्यों रचते हो यह लीला अपरंपार,
हे महानिधान, हे हृषिकेश।।
अनामिका दीक्षित, शिक्षिका, जेवियर स्कूल, गम्हरिया।


