Independence Day Speech: भारत को आजादी मिले 79 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस साल हम भारतवासी अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। हर साल 15 अगस्त को पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। 15 अगस्त का दिन हर भारतीय के लिए बड़ा ही गौरवपूर्ण दिन है।
अंग्रेजों ने हमारे देश में 200 से भी अधिक वर्षों तक राज किया। अंततः हमारे देश के महान और वीर स्वतंत्रता सैनानियों के अथक प्रयास और बलिदान के बाद भारत को अंग्रेजों की हुकूमत से आजादी मिल ही गई। इसलिए हर साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन सभी महान स्वतंत्रता सैनानियों और वीरों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में तिरंगा झंडा फहराने के साथ ही कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।
विद्यालयों, कॉलेजों और कार्यालयों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम देशभक्ति थीम पर आधारित होते हैं। स्कूलों में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे नृत्य, गीत, अभिनय, फैंसी ड्रेस, पेंटिंग, रंगोली, फोटोग्राफी, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
Independence Day Speech for Kids स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता
भाषण प्रतियोगिता बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और मंच पर बोलने की कला विकसित करने का एक अच्छा माध्यम है। कई छोटे बच्चों को मंच पर बोलने में घबराहट होती है। लेकिन यदि वे पहले से तैयारी कर लें और सरल भाषा में भाषण याद करें, तो वे आसानी से अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। यहां कक्षा प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए 100, 200 और 300 शब्दों में अलग-अलग शैली के आसान स्वतंत्रता दिवस पर भाषण के प्रारूप दिए गए हैं।
प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए 100 शब्दों स्वतंत्रता दिवस पर भाषण
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, शिक्षकगण और मेरे प्यारे दोस्तों, आप सभी को मेरा नमस्कार।
आज हम सभी यहां स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। 15 अगस्त हमारे देश का राष्ट्रीय पर्व है। इसी दिन भारत को आजादी मिली थी। हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए बहुत बलिदान दिया। हमें उनके त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए।
हमें अपने देश से प्रेम करना चाहिए। अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। हमें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और एक अच्छा नागरिक बनना चाहिए।
आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
जय हिंद!
प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए 200 शब्दों स्वतंत्रता दिवस पर भाषण
आदरणीय प्रिंसिपल महोदय, सभी अतिथियों, आदरणीय शिक्षकों और मेरे प्रिय मित्रों को मेरा नमस्कार।
आज हम भारत का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। यह दिन हर भारतीय के लिए बहुत गर्व का दिन है। 15 अगस्त 1947 को हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। इस आजादी के लिए महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई और अनेक वीरों ने अपना जीवन देश के नाम कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में तिरंगा फहराया जाता है। स्कूलों में देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। यह दिन हमें अपने देश से प्रेम करना और उसकी सेवा करना सिखाता है।
हम बच्चों का भी एक कर्तव्य है। हमें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, स्कूल के नियमों का पालन करना चाहिए और अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए। जब हम अच्छे काम करेंगे, तभी हमारा देश आगे बढ़ेगा।
आइए, हम सभी मिलकर अपने देश का सम्मान करें और भारत को और बेहतर बनाने का संकल्प लें।
धन्यवाद।
जय हिंद!
प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए 300 शब्दों स्वतंत्रता दिवस पर भाषण
आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, शिक्षकगण, अभिभावक एवं मेरे प्रिय साथियों, आप सभी को मेरा प्रणाम।
आज हम सभी यहां भारत का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व यानी स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए मनाया जाता है, जिन्होंने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से हमें आजादी दिलाई।
15 अगस्त 1947 को भारत अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हुआ। हमारे देश के अनेक वीरों ने अपने परिवार, सुख और जीवन की परवाह किए बिना देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में खुलकर पढ़ सकते हैं, अपने विचार रख सकते हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस केवल खुशी मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह अपने कर्तव्यों को याद करने का भी अवसर है। हमें अपने देश के कानूनों का पालन करना चाहिए। हमें पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए, स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए और सभी लोगों के साथ प्रेम और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए।
एक विद्यार्थी होने के नाते हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि हम ईमानदारी से पढ़ाई करें, अनुशासन का पालन करें और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों का सम्मान करें। जब हम अच्छे नागरिक बनेंगे, तभी हमारा देश और मजबूत बनेगा।
अंत में मैं यही कहना चाहूंगा/चाहूंगी कि हमें हमेशा अपने तिरंगे का सम्मान करना चाहिए और अपने देश की प्रगति में योगदान देने का प्रयास करना चाहिए।
आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
बहुत-बहुत धन्यवाद।
जय हिंद!


