Independence Day Essay for Kids: अगले शनिवार को देश भर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। हर वर्ष 15 अगस्त को भारत में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है। दिल्ली में लाल किले से लेकर देश के कोने-कोने में तिरंगा लहरा कर सभी देशवासी स्वतंत्रता का जश्न मनाते हैं। भारत को आजादी मिले पूरे 79 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस वर्ष हम अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के दिन हम भारत के उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों की याद करते हैं, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। इस अवसर पर स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगा झंडा फहराया जाता है। इसके साथ ही देशभक्ति पर आधारित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिता, कविता पाठ और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
छोटे बच्चों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर निबंध लिखना एक सीखने की प्रक्रिया होती है। यदि वे सरल भाषा, छोटे वाक्य और सही क्रम का ध्यान रखें, तो वे आसानी से स्वतंत्रता दिवस पर निबंध लिख सकते हैं। यहां कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 100, 200 और 300 शब्दों में अलग-अलग शैली के सरल निबंध दिए गए हैं।
Independence Day Essay Hindi कक्षा 1-2 के लिए 100 शब्दों में स्वतंत्रता दिवस पर निबंध
विषय: स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस भारत का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है। यह हर साल 15 अगस्त को मनाया जाता है। इसी दिन हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। इस दिन स्कूलों में तिरंगा फहराया जाता है। बच्चे देशभक्ति गीत गाते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। हमें महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान देशभक्तों को याद करना चाहिए। हमें अपने देश से प्रेम करना चाहिए, स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए और सभी का सम्मान करना चाहिए। मैं हर साल पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाता/मनाती हूं और भारत का अच्छा नागरिक बनने का संकल्प लेता/लेती हूं।
Independence Day Essay कक्षा 3-4 के लिए 200 शब्दों में स्वतंत्रता दिवस पर निबंध
विषय: स्वतंत्रता दिवस का महत्व
15 अगस्त हमारे देश का राष्ट्रीय पर्व है। इस दिन भारत को वर्ष 1947 में अंग्रेजों के शासन से आजादी मिली थी। इसलिए हर भारतीय के लिए यह दिन बहुत गर्व का अवसर होता है। स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह स्कूलों में ध्वजारोहण किया जाता है। सभी बच्चे मिलकर राष्ट्रगान गाते हैं। इसके बाद देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। शिक्षक हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की कहानियां सुनाते हैं। उनसे हमें साहस, ईमानदारी और देशभक्ति की प्रेरणा मिलती है।
आज हम आजाद देश में पढ़-लिख सकते हैं, अपने मन की बात कह सकते हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। इसलिए हमें अपनी आजादी का सम्मान करना चाहिए। हमें अपने देश के कानूनों का पालन करना चाहिए, पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए और सभी लोगों के साथ प्रेम और भाईचारे से रहना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के दिन हमें यह याद रखना चाहिए कि देश की प्रगति में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। हम मेहनत से पढ़ाई करके और अच्छे काम करके अपने देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
Independence Day Essay for Students कक्षा 5 के लिए 300 शब्दों में स्वतंत्रता दिवस पर निबंध
विषय: स्वतंत्रता दिवस पर समझें क्या है हमारी देशभक्ति और जिम्मेदारी
भारत हर वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है। यह दिन हमारे देश के इतिहास का सबसे गौरवपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 1947 में भारत ने लंबे संघर्ष के बाद अंग्रेजों की गुलामी से आजादी प्राप्त की थी। इस आजादी के लिए हजारों वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसलिए हमें इस दिन का महत्व हमेशा याद रखना चाहिए। वर्ष 2026 में भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में खुशी का माहौल होता है। दिल्ली के लाल किले पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और देशवासियों को संबोधित करते हैं। स्कूलों और कॉलेजों में भी ध्वजारोहण के साथ ही देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे भाषण, नाटक, फैंसी ड्रेस और देशभक्ति गीतों का आयोजन किया जाता है। बच्चे तिरंगे के रंगों वाली पोशाक पहनकर कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।
स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह दिन हमें केवल आजादी का जश्न मनाने के लिए नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को समझने के लिए भी प्रेरित करता है। हमें अपने माता-पिता, शिक्षकों और देश का सम्मान करना चाहिए। सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करनी चाहिए, स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए और सभी धर्मों व संस्कृतियों का आदर करना चाहिए।
एक अच्छे विद्यार्थी के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन का पालन करें और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनें। यदि हर बच्चा अपने छोटे-छोटे कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएगा, तो हमारा देश और अधिक मजबूत बनेगा।
स्वतंत्रता के लिए हमारे कई महान नेताओं और वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हमें उनके बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। हमें अपने देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। यही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Har Ghar Tiranga 2026: क्या है हर घर तिरंगा अभियान? जानिए कौन और कैसे बन सकता है इसका हिस्सा


