Campus Boom.
जमशेदपुर। वरिष्ठ कवि अशोक शुभदर्शी के कविता-संग्रह ‘रैम्प पर’ पर शनिवार, 25 अक्टूबर को गोलमुरी स्थित भोजपुरी भवन में जनवादी लेखक संघ की सिंहभूम इकाई की ओर से परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्योत्सना अस्थाना ने की, जबकि संचालन वरुण प्रभात ने किया। परिचर्चा में वक्ताओं ने संग्रह की कविताओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक पक्षों को रेखांकित करते हुए कहा कि इसकी कविताएं आधुनिक समाज के अंतर्विरोधों को उजागर करती हैं और समानता, मुक्ति तथा मानवीय संवेदना के सवालों को प्रमुखता से उठाती हैं।
बाजारवादी संस्कृति और स्त्री की स्वतंत्रता का सवाल
शीर्षक कविता ‘रैम्प पर’ की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कविता में रैम्प केवल फैशन का मंच नहीं है, बल्कि यह बाजारवादी संस्कृति, सामाजिक प्रतिष्ठा, स्त्री की दृश्यता और मानवीय संवेदना के बीच संघर्ष का प्रतीक बनकर उभरता है।
कविता का केंद्रीय सवाल यह है कि जब स्त्री रैम्प पर चलती है, तब दुनिया की निगाह उसके किस रूप पर ठहरती है और उसके किस रूप को अनदेखा कर देती है। यदि समाज की नजर उसके वस्त्रों, आभूषणों और शारीरिक आकर्षण तक सीमित रह जाती है तथा उसके जीवन की असमानताओं, संघर्षों और पीड़ाओं तक नहीं पहुंचती, तो यह आधुनिक समाज की संवेदनात्मक विफलता है।
वक्ताओं के अनुसार, स्त्री की वास्तविक मुक्ति केवल सार्वजनिक मंचों पर उसकी उपस्थिति बढ़ने से सुनिश्चित नहीं हो सकती। इसके लिए ऐसी सामाजिक चेतना जरूरी है, जो उसके व्यक्तित्व को देह से आगे, उसकी पहचान को बाजार से परे और उसके अस्तित्व को दूसरों की अपेक्षाओं से स्वतंत्र होकर देखने में सक्षम हो। स्त्री की स्वतंत्रता का अर्थ केवल यह नहीं है कि दुनिया उसे देखे, बल्कि यह भी है कि उसे एक संपूर्ण मनुष्य के रूप में समझे, उसके अधिकारों को स्वीकार करे और उसके दुखों के प्रति जवाबदेह बने।
‘अमर बेल’ में शोषण के विरुद्ध प्रतिरोध का स्वर
संग्रह की कविता ‘अमर बेल’ की व्याख्या करते हुए वक्ताओं ने इसे शोषणकारी व्यवस्था का प्रतीकात्मक चित्रण बताया। कविता में परजीवी अमर बेल शोषक शक्तियों का, जबकि पेड़ शोषित व्यवस्था अथवा मनुष्य का प्रतीक है। पेड़ का जीवन-रस चूसती अमर बेल उस शोषणकारी प्रवृत्ति को उजागर करती है, जो दूसरों के अस्तित्व पर पलती है।
वक्ताओं ने कहा कि कविता का मूल स्वर मुक्ति और प्रतिरोध का है। अपने अस्तित्व को बचाने और स्वतंत्र पहचान बनाए रखने के लिए शोषणकारी शक्तियों से मुक्ति आवश्यक है। इस तरह कविता सामाजिक व्यवस्था में मौजूद असमानताओं पर सवाल उठाती है।
‘महुआ’ में आत्मनिर्भरता और दृढ़ संकल्प का संदेश
कविता ‘महुआ’ पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कवि ने प्रकृति के प्रतीक के माध्यम से विकास, आत्मनिर्भरता और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया है। यह कविता भ्रमों से मुक्त होकर हर परिस्थिति में फलने-फूलने की प्रेरणा देती है। इसके लिए यदि अपनी स्वाभाविक पहचान या बाहरी आवरण में बदलाव करना पड़े, तो भी आगे बढ़ने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
‘गर्ल फ्रेंड्स’ की नवीन कल्पना
संग्रह की कविता ‘गर्ल फ्रेंड्स’ को केंद्र में रखते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति के विभिन्न उपादानों को ‘गर्ल फ्रेंड्स’ के रूप में प्रस्तुत करना कवि की नवीन और आकर्षक कल्पना है। वक्ताओं के अनुसार, ‘रैम्प पर’ की अधिकांश कविताएं संघर्ष की जमीन पर उपजे ऐसे बीज की तरह हैं, जिन्हें उचित खाद-पानी मिले तो वे समाज और देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी समानता और पारस्परिक संवाद की संभावनाओं को मजबूत कर सकती हैं।
परिचर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि साहित्य केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक विसंगतियों को समझने, व्यवस्था पर सवाल उठाने और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है।
साहित्यकारों की रही भागीदारी
कार्यक्रम को शैलेन्द्र अस्थाना, अजय महताब, डॉ. उदय प्रताप हृयात, राजदेव सिन्हा, अरविंद विद्रोही और वरुण प्रभात सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर संजय सोलोमन, सौरभ अस्थाना, सुखचंद झा, रमेश हंसमुख, डॉ. राम कविन्द्र, जय किशोर प्रसाद, नीतू सिंह, रविन्द्र प्रसाद सिंह, मसूद खान और चैतन्य शिरोमणि सहित कई साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।
अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में ज्योत्सना अस्थाना ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन सौरभ अस्थाना के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


