Campus Boom.
जमशेदपुर। आपदा प्रबंधन की योजनाओं और राहत कार्यों में ट्रांसजेंडर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में शनिवार को जमशेदपुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। People for Change की ओर से Collective Good Foundation, RiseUp Together और Cummins India के सहयोग से होटल दयालजीत, जुगसलाई स्टेशन रोड में ‘झारखंड में समावेशी आपदा प्रबंधन पर गठबंधन निर्माण’ विषय पर राज्यस्तरीय परामर्श बैठक आयोजित की गई। Cummins की CSR पहल के तहत आयोजित इस बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों, गैर-सरकारी संगठनों, सामुदायिक संगठनों, नागरिक समाज और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। PRADAN, Aadarsh Seva Sansthan, YUVA, Jamshedpur Queer Circle (JQC), Anwesha, CINI, Goonj और PHIA सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आपदा के समय ट्रांसजेंडर समुदाय के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार साझा किए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपदा की तैयारी, आपातकालीन सहायता, राहत और पुनर्वास की प्रक्रिया में ट्रांसजेंडर समुदाय की जरूरतों एवं अनुभवों को शामिल करना था। चर्चा में बताया गया कि बाढ़, अत्यधिक गर्मी, वज्रपात, भारी बारिश और सूखे जैसी परिस्थितियों में ट्रांसजेंडर समुदाय को आजीविका, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। राहत शिविरों में भेदभाव, सुरक्षित स्थानों की कमी, पहचान पत्रों से जुड़ी समस्याएं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली बाधाएं प्रमुख मुद्दे रहे।
आपदा और जलवायु जोखिम पर हुई पैनल चर्चा
कार्यक्रम में ‘When the Weather Turns: Transgender Lives, Climate Risk and the Role of the State’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन People for Change के संस्थापक एवं निदेशक सौविक साहा ने किया। पैनल में संजना किन्नर, पूर्णिमा (ट्रांस महिला), नवीन (Jamshedpur Queer Circle), अन्नी अमृता और विकास जी (मीडिया प्रतिनिधि) शामिल हुए।
चर्चा के दौरान संजना किन्नर ने कोविड-19 महामारी के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के सामने आई कठिनाइयों को साझा किया। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के कारण समुदाय के कई लोगों की आजीविका प्रभावित हुई। कामकाज बंद होने से भोजन, आर्थिक सहायता और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया था। आर्थिक संकट के साथ सामाजिक भेदभाव और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की समस्याएं भी सामने आईं।
Jamshedpur Queer Circle के नवीन ने महामारी के दौरान समुदाय के लोगों तक सहायता पहुंचाने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में समुदाय आधारित संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जरूरतमंद लोगों की पहचान, उनसे लगातार संपर्क और समय पर सहायता उपलब्ध कराना आपदा के प्रभाव को कम करने में मददगार हो सकता है।
पैनल चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि कोविड-19 जैसी महामारी हो अथवा बाढ़, सूखा और अत्यधिक गर्मी जैसी प्राकृतिक आपदाएं, संकट का सबसे अधिक प्रभाव उन लोगों पर पड़ता है जिनकी आजीविका और सामाजिक सुरक्षा पहले से कमजोर होती है। इसलिए आपदा प्रबंधन की योजनाओं में ट्रांसजेंडर समुदाय की आवाज और भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
चर्चा में हार्मोन थेरेपी, HIV सेवाओं और मानसिक स्वास्थ्य सहायता जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को आपदा के दौरान भी जारी रखने की जरूरत उठाई गई। इसके अलावा सुरक्षित राहत शिविर, आवास, पहचान पत्र, सरकारी सहायता, ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड के सर्वे और जिला स्तरीय समितियों में समुदाय की भागीदारी जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
छह समूहों में बंटकर प्रतिभागियों ने तैयार किए सुझाव
पैनल चर्चा के बाद ‘Four Walls’ नाम से सहभागी समूह गतिविधि आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को छह समूहों में बांटकर आपदा से जुड़े अलग-अलग विषयों पर चर्चा कराई गई।
इनमें गर्मी और कामकाज पर उसका प्रभाव, वज्रपात एवं बाढ़, सूखा और आजीविका, आवास एवं विस्थापन, पहचान पत्र एवं सरकारी राहत योजनाएं तथा राहत शिविरों में स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान जैसे विषय शामिल थे।
प्रत्येक समूह ने चार प्रमुख बिंदुओं पर अपने अनुभव और सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें वर्तमान स्थिति, चुनौतियां, आवश्यकताएं और आगे की कार्ययोजना शामिल थीं। प्रतिभागियों ने बताया कि आपदा के समय समुदाय को किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, सुरक्षा एवं सरकारी सहायता प्राप्त करने में क्या बाधाएं आती हैं और परिवार, सामाजिक संगठनों तथा सरकार से किस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है।
इसके बाद सभी समूहों के सुझावों को साझा किया गया और प्राथमिकता के आधार पर आगे की कार्रवाई के बिंदुओं की पहचान की गई। इस गतिविधि का उद्देश्य समुदाय के वास्तविक अनुभवों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी नीतियों और योजनाओं का आधार बनाना था।
सरकार तक पहुंचाई जाएंगी समुदाय की मांगें
बैठक में तय किया गया कि पैनल चर्चा और समूह गतिविधियों के दौरान सामने आए मुद्दों एवं सुझावों को संकलित कर मांग-पत्र तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसे संबंधित सरकारी विभागों और अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि झारखंड की आपदा प्रबंधन नीतियों और जमीनी स्तर की व्यवस्थाओं में ट्रांसजेंडर समुदाय की जरूरतों को शामिल किया जा सके।
प्रमुख मांगों में ट्रांसजेंडर समुदाय को आपदा प्रबंधन के संदर्भ में विशेष संवेदनशील समूह के रूप में पहचान देना, राज्य एवं जिला स्तर की आपदा प्रबंधन योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना, राहत शिविरों में सुरक्षित और भेदभाव मुक्त व्यवस्था बनाना, स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना तथा राहत एवं पुनर्वास योजनाओं तक उनकी पहुंच आसान करना शामिल है।
इसके साथ ही समुदाय के प्रतिनिधियों, NGOs, CBOs और नागरिक समाज संगठनों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा सरकारी विभागों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
सामूहिक प्रयास से ही संभव है समावेशी आपदा प्रबंधन : सौविक साहा
People for Change के संस्थापक एवं निदेशक सौविक साहा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल राहत सामग्री पहुंचाने और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए। योजनाएं बनाते समय उन समुदायों की जरूरतों और अनुभवों को समझना जरूरी है, जो सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पहले से संवेदनशील परिस्थितियों में रहते हैं।
उन्होंने समुदाय की भागीदारी, सरकारी विभागों के साथ समन्वय और नागरिक समाज संगठनों के सामूहिक प्रयासों को समावेशी आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि आपदा प्रबंधन की योजनाएं तभी प्रभावी हो सकती हैं, जब उनमें सभी समुदायों की जरूरतों और अनुभवों को उचित स्थान मिले। इसके लिए सरकार, नागरिक समाज और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, जागरूकता और नियमित संवाद आवश्यक है।



