Campus Boom.
जमशेदपुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को द अम्ब्रेला क्रिएशंस की पहल ‘किताबें और बातें’ की पहली गोष्ठी धतकीडीह स्थित ठक्कर बप्पा मध्य विद्यालय में आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्य और कहानियों के माध्यम से बच्चों को संविधान के मूल्यों से परिचित कराना तथा उनमें सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ और शपथ ग्रहण के साथ हुई। इसके बाद परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ-साथ अपने शिक्षकों का परिचय प्राप्त किया।
गोष्ठी के दौरान बच्चों को संविधान और उसके मूल सिद्धांतों से जोड़ने के लिए चार रोचक कहानियां सुनाई गईं। संजय सोलोमन ने ‘मिट्ठू और विनोद भइया’ तथा ‘निहाल का बल्ला’ कहानी प्रस्तुत की। वहीं तरुण कुमार ने ‘चॉक की लकीर और चंपा बकरी’ और अर्पिता ने ‘शांता काकी के लड्डू’ कहानी सुनाई।
कहानियों के माध्यम से स्वतंत्रता, समानता, बंधुता और न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों पर बच्चों के साथ संवाद किया गया। कहानी सुनाने के दौरान बच्चों से सवाल पूछे गए और उनके जवाबों के आधार पर उन्हें अपने दैनिक जीवन और आसपास के परिवेश में इन मूल्यों की प्रासंगिकता समझने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को कहानियां सुनाना नहीं, बल्कि साहित्य के माध्यम से उनमें सामाजिक समझ, संवेदनशीलता और संवैधानिक चेतना विकसित करना है।
विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कहानियों के माध्यम से बच्चों से संवाद करना और उन्हें जीवन-मूल्यों से जोड़ना शिक्षा का प्रभावी तरीका है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक गोपेश कुमार ठाकुर, नेहा ठाकुर, निकिता मिश्रा, स्वीटी सतपथी, आसमा, सुगुन एवं शांति देवी उपस्थित रहीं। वहीं ‘किताबें और बातें’ की टीम से संजय सोलोमन, संतोषी कुमारी, रिम्मी कुमारी, अर्पिता और तरुण कुमार ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


