Campus Boom.
जमशेदपुर। बारीडीह स्थित डेफोडिल्स हाई स्कूल का 36वां वार्षिक उत्सव शनिवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी उपलब्धियां हासिल क्यों न हो जाएं, हमें अपनी मातृभूमि और मां के आंचल से हमेशा जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लंका विजय के बाद भी श्रीराम ने अपनी जन्मभूमि के प्रति सर्वोच्च सम्मान व्यक्त किया था। उनका कथन “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” हमें यह संदेश देता है कि माता और जन्मभूमि से बढ़कर कुछ भी नहीं है, स्वर्ग भी नहीं।
कार्यक्रम के दौरान अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। निदेशक मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव, प्राचार्य सिमरन सिन्हा, उपप्राचार्य मैरी ग्रेस लकरा तथा वरिष्ठ अभिभावक आशा देवी एवं दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
विद्यालय की ओर से उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए भी तीन विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इसमें आर्यन चौधरी को प्रथम, खेल चंद कुम्हार को द्वितीय तथा आकाश दास को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
वार्षिक उत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेंटर्स विश्वजीत राय, पायल गुप्ता एवं रेनू कुमारी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्वेता मलिक एवं अर्चना दास ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य सिमरन सिन्हा ने किया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।


