Campus Boom.
जमशेदपुर। लोयोला स्कूल, टेल्को में 10वां वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में चीता हाउस ने सर्वाधिक अंक हासिल कर ओवर ऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा (आईएएस) एवं विशिष्ट अतिथि पूर्वी सिंहभूम की जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी के आगमन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या चरणजीत ओसन, विद्यालय प्रशासक फादर जेरी, स्कूल सुपीरियर फादर ऑस्कर होरो, फादर माइकल धनराज एसजे, लोयोला स्कूल्स जमशेदपुर के रेक्टर, प्राचार्य फादर विनोद, उप-प्राचार्या रेशमा रोड्रिग्स, प्राथमिक उप-प्राचार्या जीनत मारिया सुंडी, प्री-प्राइमरी मॉडरेटर कॉलिन जेवियर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
शिक्षिका एलिजाबेथ प्रसाद एवं अंकिता दुबे के साथ छात्राओं निहारिका, अलाशिखा, गीतिका, रिद्धिमा और अफशीन ने कार्यक्रम का संचालन किया। स्वागत भाषण में विद्यालय की समृद्ध खेल परंपरा, अनुशासन और खेल भावना पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय की परंपरा के अनुसार मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे और शॉल भेंट किए गए। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज फहराया। विद्यार्थियों ने ध्वज को सलामी दी। तत्पश्चात पैंथर, जैगवार, चीता और लेपर्ड हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। हाउस कैप्टनों ने अपनी-अपनी टीमों की उपलब्धियों और खेल गतिविधियों का परिचय दिया।
इसके बाद मुख्य मशाल प्रज्वलित की गई और खिलाड़ियों ने खेल भावना एवं अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली। रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़कर समारोह के उत्साह को और बढ़ाया गया।
असफलता सबसे बड़ी सीख देती है : अर्णव मिश्रा
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अर्णव मिश्रा ने कहा कि विद्यालय केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को पहचानने और नैतिक मूल्यों के निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि असफलता जीवन की सबसे बड़ी सीख देती है। टीम के साथ मिलकर काम करने से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। बेहतर इंसान बनने के लिए प्रतिबद्धता, अनुशासन और कठिन परिश्रम जरूरी हैं। इसके साथ ही उन्होंने खेलकूद समारोह के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की।
विद्यालय के बैंड दल ने ताल, लय और अनुशासन से परिपूर्ण शानदार प्रस्तुति देकर समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत नर्सरी एवं एलकेजी के नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुति से हुई। ‘खिलौनों की जादुई दुनिया’ थीम के तहत बच्चों ने टॉम एंड जेरी, मिकी माउस, विनी द पूह, पांडा और बग्स बनी के रंग-बिरंगे रूपों में मनमोहक प्रस्तुति दी।
यूकेजी के विद्यार्थियों ने ‘ईश्वर के अनमोल चमत्कार : हर पंखुड़ी और पंख में उनका प्यार’ विषय पर प्रस्तुति देकर प्रेम, दया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
कक्षा एक एवं दो के विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करते हुए जंगलों, वन्यजीवों और धरती के संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चों ने जंगल सफारी की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
कक्षा तीन एवं पांच के विद्यार्थियों ने ‘फिट इंडिया-खेल, स्वास्थ्य और टीम भावना का उत्सव’ विषय पर जोशीली प्रस्तुति दी। चीयरलीडिंग, हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन और शतरंज के माध्यम से फिटनेस, अनुशासन एवं एकता का संदेश दिया गया।
वहीं, कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों ने ‘मिशन रोबोटिक्स-भविष्य का आगाज’ थीम पर आकर्षक फॉर्मेशन तैयार कर मैदान में ‘आई लव लोयोला’ की आकृति बनाई। इस प्रस्तुति में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी समझ और विद्यालय के प्रति लगाव की झलक देखने को मिली।
चीता हाउस ने जीता समग्र चैंपियन का खिताब
खेल प्रतियोगिताओं में सभी हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चीता हाउस को समग्र चैंपियन घोषित किया गया। जैगवार हाउस प्रथम उपविजेता और पैंथर हाउस द्वितीय उपविजेता रहा।
अन्य प्रमुख पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट और सर्वश्रेष्ठ अनुशासन का खिताब पैंथर हाउस को मिला।
सर्वश्रेष्ठ एथलीट (बालक वर्ग)
- अंडर-12 : देवेन कुमार (चीता हाउस)
- अंडर-14 : एकांश कुमार (चीता हाउस)
- अंडर-17 : सिद्धांत कश्यप (जैगवार हाउस)
- अंडर-19 : अंकुर यादव (लेपर्ड हाउस)
सर्वश्रेष्ठ एथलीट (बालिका वर्ग)
- अंडर-12 : एलिश मालवा (लेपर्ड हाउस) एवं अवंतिका आयुषी (चीता हाउस)
- अंडर-14 : कौशिकी कुमारी (चीता हाउस)
- अंडर-17 : मेघावी डे (चीता हाउस)
- अंडर-19 : दीक्षा दित्ति (चीता हाउस)
समापन समारोह में विद्यालय की प्राचार्या चरणजीत ओसन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों, मार्च पास्ट प्रशिक्षक इंस्पेक्टर मनोरंजन नाथ एवं हवलदार नवीन कुमार, उप-प्राचार्यों, अभिभावकों, प्रतिभागियों, शिक्षकों तथा विद्यालय के सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार लोयोला स्कूल, टेल्को का 10वां वार्षिक खेलकूद समारोह खेल भावना, अनुशासन, सौहार्द और उत्कृष्ट प्रदर्शन की यादगार छाप छोड़ते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



