Campus Boom.
के दुर्गा राव | मनोहरपुर। मनोहरपुर के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया।
ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद सांसद, विधायक एवं अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सिंहभूम क्षेत्र में जहां भी रेल सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेगा।
सांसद ने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या का भी उल्लेख किया और यहां रेल ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता बताई।
विधायक जगत माझी ने कोविड से पहले की रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने मनोहरपुर क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग रेल अधिकारियों के समक्ष रखी।
अन्य ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद
भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि भारतीय रेल लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मनोहरपुर को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है।
एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह रहा। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सांसद, विधायक और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



