Campus Boom.
आदित्यपुर। शारदीय नवरात्र की महासप्तमी के अवसर पर मंगलम सिटी, आदित्यपुर में मंगलम दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। ‘सप्तमी पूजा, सात कवि और सात रंग’ की संकल्पना पर आधारित इस साहित्यिक संध्या में सैकड़ों साहित्यप्रेमियों और मंगलमवासियों ने कविता के विभिन्न रंगों का आनंद लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण चर्चित लेखक एवं कवि अजय मुस्कान की पुस्तक ‘सपना जो स्टेयरिंग पर सवार हुआ’ का लोकार्पण रहा।
कवि सम्मेलन में मनीष बंदन, अजय मुस्कान, रजनी सिंह, सर्वानन्द सिंह ‘पथिक’, सुदीप्ता राउत, उपासना सिन्हा और श्यामल सुमन ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति, हास्य, ओज और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। नवोदित कवि शशांक रश्मि ने भी अपनी रचनाओं से उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों को मां की चुनरी ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन आलोक कुमार ‘बंटी’ ने किया, जबकि कवि सम्मेलन का संयोजन एवं काव्य-पाठ का संचालन वरिष्ठ कवि रजनीश सिंह ने किया।
अजय मुस्कान की पंक्तियों पर मिली खूब दाद
कवि अजय मुस्कान की रचनाओं ने श्रोताओं पर विशेष प्रभाव छोड़ा। उनकी इन पंक्तियों को खूब सराहना मिली—
जहाँ जैसा मिले, ख़ुद को वहाँ वैसा बनाता हूँ,
तुम आओ तो बताऊँ ये कि मैं क्या-क्या बनाता हूँ!
परख कर देख लो मुझको, मेरे हाथों में पारस है,
अगर मिट्टी भी छू दूँ तो उसे सोना बनाता हूँ!
अजय मुस्कान की पुस्तक का हुआ लोकार्पण
समारोह के दौरान अजय मुस्कान की पुस्तक ‘सपना जो स्टेयरिंग पर सवार हुआ’ का लोकार्पण उनके पिता जटा शंकर मिश्र, माता भगवती मिश्र तथा उनकी सहयात्री एवं पत्नी प्रीति मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस आत्मीय अवसर पर उपस्थित लोगों ने लेखक को शुभकामनाएं दीं।
बीएफसी पब्लिकेशन्स द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक लेखक के अखिल भारतीय रोड ट्रिप के अनुभवों पर आधारित यात्रा-वृत्तांत है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधताओं के साथ यात्रा के दौरान मिले अनुभवों, मानवीय संबंधों और आत्मचिंतन को शब्दबद्ध किया गया है।
यह कृति केवल यात्रा के अनुभवों का विवरण नहीं, बल्कि देश को करीब से देखने, समझने और स्वयं को जानने की साहित्यिक यात्रा भी प्रस्तुत करती है। पुस्तक बीएफसी स्टोर, अमेजन, फ्लिपकार्ट और किंडल पर उपलब्ध है।
मंगलम परिवार की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में मंगलम दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महासचिव मिथिलेश सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्णानंद मिश्रा, पंकज अक्षय, पंडित शिव कुमार शर्मा सहित समिति के सदस्य और मंगलम परिवार के अनेक लोग उपस्थित रहे।
समापन पर आलोक कुमार ‘बंटी’ ने दुर्गा पूजा समिति, अतिथियों, कवियों, साहित्यप्रेमियों और मंगलमवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था और साहित्यिक-सांस्कृतिक पहल की सराहना की गई।
इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ साहित्य और संस्कृति के सुंदर समन्वय का संदेश दिया। साथ ही, मंगलम सिटी में सामुदायिक एकजुटता और साहित्यिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।


