Campus Boom.
राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भुईयांनाचना गांव में मनसा पूजा के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी मानभूम शैली के छऊ नृत्य का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो नेता एवं शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर छऊ नृत्य कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
छऊ नृत्य की प्रस्तुति के लिए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पटमदा क्षेत्र से कलाकार पहुंचे थे। कलाकारों ने मानभूम शैली में पारंपरिक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। देर रात तक चले कार्यक्रम का ग्रामीणों ने उत्साह के साथ आनंद लिया।
पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में गांव के मकरध्वज महतो ने प्रो. कालीपद सोरेन का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस दौरान ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक छऊ नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के प्रयास की लोगों ने सराहना की।
गांव के विकास में युवाओं की भूमिका अहम : कालीपद सोरेन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि वह वर्ष 2008 के आसपास पहली बार भुईयांनाचना गांव आए थे। उस समय गांव की सड़क और आवागमन की स्थिति काफी खराब थी तथा सड़क कच्ची हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं की सोच, सक्रियता और प्रयासों के कारण धीरे-धीरे गांव में विकास की रफ्तार बढ़ रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर वे बेहिचक अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सुख-दुख की हर घड़ी में वह ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मकरध्वज महतो, दिनेश महतो, छोटू लाल महतो, धीरेन महतो, पबीर महतो, बिट्टू महतो, गगन महतो, हेमंत महतो, विकास महतो और संतोष महतो समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


