Campus Boom.
जमशेदपुर। सावन के पावन अवसर पर सोमवार को बागबेड़ा क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माता शीतला मंदिर परिसर स्थित बाबा चिंताहरण महादेव के जलाभिषेक के लिए बागबेड़ा बड़ौदा घाट से गाड़ाबासा बागबेड़ा तक हजारों श्रद्धालुओं ने पैदल जलयात्रा की। हाथों में जल और जुबां पर हर-हर महादेव का जयघोष लिए श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया।
शिवभक्तों से पट गया पूरा रास्ता
जलाभिषेक यात्रा के दौरान बड़ौदा घाट से गाड़ाबासा तक पूरा मार्ग शिवभक्तों से पट गया। डीजे की भक्तिमय धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी यात्रा में शामिल हुईं और भक्ति गीतों की धुन पर उत्साह के साथ झूमती नजर आईं।
हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव, बोल बम और बाबा चिंताहरण महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बाबा चिंताहरण महादेव का जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
धार्मिक यात्रा में बुजुर्गों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक सभी वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन में बाबा चिंताहरण महादेव का जलाभिषेक करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। आयोजन के दौरान लोगों में आपसी सौहार्द और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि हुए शामिल
जलाभिषेक यात्रा में जिला परिषद सदस्य कविता परमार, कुसुम पूर्ति, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, आजसू जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, अप्पू तिवारी, ललन झा, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह और अभिजीत दा समेत कई लोग शामिल हुए।
सफल आयोजन में इनका रहा योगदान
आयोजन को सफल बनाने में आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, आनंदी ओझा, महेश सिंह, रामजी शर्मा, संजय प्रसाद, पप्पू प्रसाद, ब्रजेश सिंह, मनोज यादव, आकाश सिंह, विशाल नायक, विजय राय, राहुल प्रजापति, हेमंत प्रसाद, रवि यादव, मनोज शर्मा, साहिल सिंह, प्रवीण प्रसाद, उधो सिंह, अरुप मल्लिक और विजय सिंह समेत अन्य लोगों का योगदान रहा।
भक्ति में डूबा रहा बागबेड़ा
पूरे आयोजन के दौरान बागबेड़ा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा रहा। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता और जयघोष ने सावन की इस जलाभिषेक यात्रा को यादगार बना दिया।


