Campus Boom.
जमशेदपुर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआईएसएल (Tata Steel UISL) पहली बार ‘Swachh Gated Society Championship 2026’ आयोजित करने जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित इस पहल के तहत शहर की गेटेड सोसाइटियों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रतिस्पर्धात्मक एवं सहभागी माहौल तैयार किया जाएगा।
पहले चरण में 60 से अधिक सोसाइटियां होंगी शामिल
चैंपियनशिप के पहले चरण में शहर की 60 से अधिक गेटेड सोसाइटियों को शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से करीब 12,900 घरों तक स्वच्छता और जागरूकता अभियान पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग तीन से चार महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान सहभागी सोसाइटियां अपने परिसरों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित करेंगी।
एक हजार अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
प्रतियोगिता में सोसाइटियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कुल 1,000 अंकों के निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें स्रोत पर कचरा पृथक्करण और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को सर्वाधिक 350 अंक दिए गए हैं। वहीं कॉमन एरिया की स्वच्छता और जल एवं ऊर्जा दक्षता के लिए 100-100 अंक निर्धारित किए गए हैं।
कम्पोस्टिंग से लेकर प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तक पर जोर
मूल्यांकन में केवल परिसर की सफाई ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े व्यवहार और सामुदायिक प्रयासों को भी शामिल किया गया है। होम कम्पोस्टिंग, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जीरो वेस्ट आयोजन, नागरिक सहभागिता, डेंगू जागरूकता एवं स्रोत नियंत्रण, पौधरोपण तथा सामुदायिक सौंदर्यीकरण जैसे विषय भी मूल्यांकन के प्रमुख आधार होंगे।
सफाई से आगे जिम्मेदार नागरिक व्यवहार पर फोकस
टाटा स्टील यूआईएसएल का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को केवल स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अपने आवासीय परिसरों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भागीदार बनाना है। घरों में कचरे के स्रोत पर पृथक्करण से लेकर सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण तक, अभियान के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
स्वच्छ और सतत शहर के विजन से जुड़ी पहल
यह पहल टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल कुमार भटनागर के स्वच्छ, सतत और नागरिक-केंद्रित शहर के विजन से प्रेरित बताई गई है। कंपनी की ओर से सहभागी सोसाइटियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
सामूहिक प्रयास से स्वच्छ जमशेदपुर का लक्ष्य
आयोजकों के अनुसार, गेटेड सोसाइटियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों से जोड़कर इस पहल के माध्यम से शहर में सामुदायिक स्तर पर स्थायी बदलाव की कोशिश की जाएगी। अभियान का संदेश है—“स्वच्छ जमशेदपुर, क्लीन जमशेदपुर—जिम्मेदार नागरिक, जिम्मेदार शहर।”


