NEET UG Re-Exam 2026: नीट यूजी री-एग्जाम 2026 को सुरक्षित, निष्पक्ष और सफल तरीके से आयोजित कराने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, उप-राज्यपालों और प्रशासकों को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की है। 21 जून 2026 को होने वाली इस पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यों से परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
NEET UG पुनर्परीक्षा के लिए राज्यों से मांगा सहयोग
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में राज्य सरकारें जिला प्रशासन और परीक्षा केंद्रों को संचालित करने वाले स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचारू व्यवस्था के साथ होना चाहिए।
NEET UG Re-Exam 2026 परीक्षा केंद्रों पर ये सुविधाएं अनिवार्य
धर्मेंद्र प्रधान ने राज्यों से अनुरोध किया है कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल है। इनमें सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा, चालू पंखे और कूलर, स्वच्छ शौचालय, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, निर्बाध बिजली आपूर्ति, आवश्यकता पड़ने पर पोर्टेबल शौचालय आदि की सुविधा होनी चाहिए। इन सुविधाओं का उद्देश्य गर्मी के बीच परीक्षा देने वाले छात्रों को राहत देना और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।
NEET UG 2026 Re-Exam 21 जून को परिवहन सुविधा पर भी जोर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने अपने पत्र में यह भी कहा कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। कई छात्रों को दूरदराज के परीक्षा केंद्र आवंटित होने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
NEET UG Re-Exam 2026 छात्रों का हित सर्वोपरि: धर्मेंद्र प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि छात्रों का हित और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी राज्य सरकारें नीट यूजी (NEET UG 2026) पुनर्परीक्षा को सफल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में पूरा सहयोग देंगी। नीट यूजी री-एग्जाम 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से पहले अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी और यात्रा योजना तैयार रखें तथा आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।


