Campus Boom.
यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन (युवा) के तत्वावधान में “वर्क विद डिग्निटी” के सहयोग से जुगसलाई स्थित होटल दयालजीत में किशोरी लड़कियों के लिए दो दिवसीय लीडरशिप ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में कुल 35 किशोरियों ने भाग लिया।
नेतृत्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं निर्णय क्षमता पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना था, ताकि वे अपने समुदाय में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सकारात्मक बदलाव ला सकें। संस्था की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सच्चा लीडर अपने घर, परिवार, विद्यालय और समाज में सकारात्मक अगुवाई करता है। उन्होंने कहा कि सीखने और कार्य करने से आत्मविश्वास बढ़ता है तथा व्यक्ति अपने विचारों को निडरता से समाज और पंचायत के समक्ष रख सकता है। उन्होंने किशोरियों को महिलाओं एवं लड़कियों से जुड़े सामाजिक मुद्दों को समझने और उनके समाधान के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
जेंडर और सेक्स के बीच अंतर को बताया गया
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अंजना देवगम ने प्रतिभागियों को जेंडर एवं यौनिकता की अवधारणा, जेंडर और सेक्स के बीच अंतर, नेतृत्व की समझ और एक अच्छे नेता की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही ऊर्जा बढ़ाने वाले खेल, महिलाओं एवं लड़कियों के नेतृत्व, समाज में मौजूद रूढ़िवादी सोच, केस स्टडी के माध्यम से संगठन की आवश्यकता और महत्व पर चर्चा की गई।
दूसरे दिन प्रशिक्षण की शुरुआत पहले दिन की पुनरावृत्ति से हुई। इसके बाद “संदेश पास करो” गतिविधि के माध्यम से प्रभावी संवाद और सुनने के महत्व को समझाया गया। प्रतिभागियों ने अपने समुदाय में लड़कियों से जुड़ी समस्याओं की पहचान की तथा नेतृत्व क्षमता और व्यक्तिगत गुणों को समझा। समूह गतिविधियों के जरिए महत्वपूर्ण मुद्दों की पहचान एवं प्राथमिकता तय करने का अभ्यास कराया गया।
सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने का किया अभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान पोस्टर, नारे और रोल प्ले के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया गया। प्रशिक्षण को सफल बनाने में अंजना देवगम, कापरा, ललिता भगत, सिकंदर सोय एवं अरूप मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


