Campus Boom.
शहर की सामाजिक संस्था पीपल फॉर चेंज द्वारा होटल नटराज में आदिर फेलोशिप 2025–26 का समापन एवं उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फेलोज, चेंज मेकर्स, मेंटर्स, समुदाय के सदस्य और अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन एक वर्ष की परिवर्तनकारी यात्रा, युवा नेतृत्व और सामुदायिक कार्य का उत्सव रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संस्थापक एवं ट्रस्टी सौविक साहा के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद समन्वय टीम ने फेलोशिप की वर्षभर की उपलब्धियों और गतिविधियों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में शहर की समाजसेवी अंजलि बोस, प्रभा जायसवाल, बर्नाली चक्रवर्ती, अरविंद तिवारी, अन्नी अमृता, अर्पिता श्रीवास्तव शामिल हुई. अतिथियों ने युवाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की खूब सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।
युवाओं को नेतृत्व के लिए सशक्त करने की पहल
आदिर फेलोशिप के तहत 18-25 वर्ष के युवाओं को विशेष रूप से झारखंड के शहरी एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के वंचित, आदिवासी और दलित समुदायों से चयनित कर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 20 फेलोज ने प्रशिक्षण प्राप्त कर लगभग 400 चेंज मेकर्स का मार्गदर्शन किया। इन युवाओं ने शिक्षा असमानता, लैंगिक हिंसा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर कार्य किया।
अनुभव साझा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र
समारोह में फेलोज ऋषि और रितु, चेंज मेकर्स पियूष और सादफ तथा समुदाय के रोहित और सौरव ने अपने अनुभव साझा किए। मेंटर दुर्गी और बाबूलाल ने भी नेतृत्व से जुड़े अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में स्वागत गीत, रिशिका द्वारा नृत्य प्रस्तुति तथा मासिक धर्म जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने लोगों को जागरूक किया और खूब सराहना बटोरी।
इसके अलावा ‘18 Till I Die’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसने युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद की आवश्यकता को रेखांकित किया।
पैनल चर्चा और सामूहिक संकल्प
एक सामुदायिक पैनल चर्चा में जमीनी स्तर पर कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और समाधान पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का समापन कमिटमेंट सर्कल के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने समुदाय के प्रति प्रतिबद्धताएँ लिखीं और सामूहिक शपथ ली।
उद्यमिता का भी दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान फेलोज और समुदाय के सदस्यों द्वारा शुरू किए गए छोटे-छोटे व्यवसायों का प्रदर्शन किया गया, जो युवाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आगे भी जारी रहेगा बदलाव का सफर
संस्था ने बताया कि आदिर फेलोशिप को आने वाले वर्षों में और मजबूत किया जाएगा। वर्तमान फेलोज अब अगले बैच के मेंटर बनकर नए युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। यह पहल झारखंड में जमीनी स्तर पर सामाजिक परिवर्तन के लिए युवाओं का सशक्त नेटवर्क तैयार करने की दिशा में कार्य करती रहेगी।


