Campus Boom.
औद्योगिक विकास के अग्रदूत और टाटा स्टील की मजबूत नींव रखने वाले जेआरडी टाटा की जयंती के अवसर पर साकची स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ सेफ्टी प्रोफेशनल में युवाओं के लिए फर्स्ट एड एवं डिजास्टर मैनेजमेंट इमरजेंसी प्रिपेयर्डनेस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। टीम प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीकों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक उपायों की जानकारी दी गई।
संस्थान में प्रत्येक माह संचालित तीन माह के सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित आठ दिवसीय इस विशेष प्रशिक्षण में देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, फर्स्ट एडर के गुण, प्राथमिक उपचार के सिद्धांत, मानव शरीर की संरचना, जलने एवं झुलसने की स्थिति, रासायनिक एवं अन्य प्रकार की चोटों, फ्रैक्चर, विषाक्तता, शॉक, रक्तदान जागरूकता, बैंडेजिंग, नॉट्स एंड हिचेज, जल दुर्घटनाओं में बचाव, रेस्क्यू तकनीक, बेसिक फायर फाइटिंग, गैस रिसाव की स्थिति में प्राथमिक सहायता तथा एलपीजी सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण नेताजी सुभाष मैदान, साकची में आयोजित लाइव डेमो रहा, जिसमें प्रशिक्षुओं को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्ट्रेचर पर स्थानांतरित करने, अत्याधुनिक हाइड्रोलिक स्ट्रेचर एवं एम्बुलेंस लोडिंग प्रणाली के उपयोग तथा गोल्डन आवर के दौरान प्रभावी प्राथमिक सहायता की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल औद्योगिक क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रदर्शन से उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सही निर्णय लेने का आत्मविश्वास मिला है और आवश्यकता पड़ने पर वे सामाजिक दायित्व निभाने के लिए तैयार हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अरिजीत सरकार, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद जीशान एवं मोहम्मद दानिश सहित टीम पीएसएफ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा एवं दुर्घटना की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी प्राथमिक सहायता देने के लिए सक्षम बनाना था।


