Campus Boom.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में शनिवार को उत्साह और उल्लास के साथ योग शिविर एवं विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के बीच आयोजित कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली और योग के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के प्रेरणादायक भाषणों से हुई, जिसमें योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला गया। इसके बाद छात्रों ने योग एवं स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित कविता पाठ प्रस्तुत किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक योग सत्र में विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से विभिन्न योगासन किए। छात्रों की आकर्षक योग मुद्राओं, रचनात्मक संरचनाओं और जुगलबंदी प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। शिक्षकों ने भी सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, ओम् उच्चारण तथा शवासन का अभ्यास कर विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण साधना है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वस्थ और जागरूक नागरिक बनाने के लिए योग को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के संदेश को आत्मसात करते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।


