Campus Boom.
शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल वोल्टास राउंडअबाउट अब नई हरित पहचान के रूप में विकसित हो गया है। हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी, जमशेदपुर की पहल और टाटा स्टील यूआईएसएल के सहयोग से नव-सौंदर्यीकृत राउंडअबाउट का बुधवार को उद्घाटन किया गया। यह परियोजना सतत शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण मानी जा रही है।
राउंडअबाउट का उद्घाटन टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदर रामम एवं हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्षा रुचि नरेंद्रन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी एवं टाटा स्टील यूआईएसएल के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।
‘जिम्मेदार नागरिक, जिम्मेदार शहर’ की सोच को मिला आकार
परियोजना की अवधारणा रुचि नरेंद्रन की दूरदर्शी सोच से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण से जोड़ना है। हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने कहा कि इस पहल का मकसद लोगों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ शहर के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
रीसायकल सामग्री से तैयार हुआ अनूठा हरित स्थल
राउंडअबाउट का विकास रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल (3R) के सिद्धांत पर किया गया है। इसमें पुनर्चक्रित सामग्री से तैयार अभिनव लैंडस्केप संरचनाओं का उपयोग किया गया है, जो यह संदेश देती हैं कि अपशिष्ट वस्तुओं को भी रचनात्मक ढंग से उपयोग कर आकर्षक और उपयोगी सार्वजनिक स्थल विकसित किए जा सकते हैं। साथ ही कम रखरखाव वाली एवं प्रतिकूल परिस्थितियों में भी विकसित होने वाली पौध प्रजातियों को लगाया गया है, जिससे लंबे समय तक हरियाली बनी रहेगी।
कई लोगों के योगदान से साकार हुई परियोजना
इस हरित परियोजना को सफल बनाने में एस. बी. मंडल, शरद मंडल, डॉ. धनंजय चौबे, अश्विनी श्रीवास्तव, आलोक कुमार चौधरी, मनोज कुमार एवं सुकन्या दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शहरवासियों से की सहयोग की अपील
हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर के सौंदर्यीकरण अभियानों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। सोसाइटी ने यह भी घोषणा की कि टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के सहयोग से शहर में भविष्य में भी ऐसे कई टिकाऊ हरित स्थलों का विकास किया जाएगा।
अभियान का संदेश:
“प्रकृति का सम्मान, हरित जमशेदपुर हमारा अभियान।
जिम्मेदार नागरिक की यही पहचान।”


