Campus Boom.
धातकीडीह स्थित एक्सल टेक्निकल इंस्टीट्यूट में चल रहे तीन माह के निरंतर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को फर्स्ट एड, डिजास्टर मैनेजमेंट और इमरजेंसी प्रिपेयर्डनेस का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत टीम पीएसएफ की ओर से आठ दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं।
इसी क्रम में धातकीडीह स्थित कम्युनिटी मैदान में लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर, गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने, स्ट्रेचर ड्रिल तथा एंबुलेंस लोडिंग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अत्याधुनिक हाइड्रोलिक स्ट्रेचर और एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को सुरक्षित तरीके से उठाने, स्ट्रेचर पर स्थानांतरित करने और एंबुलेंस में लोड करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में सही तकनीक और त्वरित निर्णय जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आधुनिक पद्धति और व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थी काफी प्रभावित हुए। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल उनके व्यावसायिक जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में भी बेहद उपयोगी है। प्रशिक्षण के दौरान आसपास के लोगों ने भी लाइव डेमो का लाभ उठाया और प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रशिक्षणार्थियों के बीच टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। विद्यार्थियों ने उनके प्रशिक्षण देने के तरीके और आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के प्रति समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान अरिजीत सरकार, मोहम्मद राशिद आलम, मोहम्मद शब्बीर और मोहम्मद दानिश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


