Campus Boom.
घुटिया स्थित राजेन्द्र विद्यालय में 1 मई 2026 को मजदूर दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की सफलता का उत्सव मनाने के साथ-साथ विद्यालय कर्मियों के श्रम का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का विषय “एक पंथ दो काज – सफलता का उत्सव और श्रम का सम्मान” रहा।
इस अवसर पर ICSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को विद्यालय परिसर में आमंत्रित कर प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही मजदूर दिवस के मौके पर विद्यालय के सहायक कर्मचारियों—जैसे चपरासी, सफाई कर्मी और सुरक्षा गार्ड—को उनके योगदान के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम के लिए प्राचार्य एवं शिक्षकों के समर्पण और मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यालय के अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को विद्यार्थियों की सफलता का प्रमुख कारण बताया।
अभिभावकों ने कक्षा 11 की पढ़ाई इसी सत्र से प्रारंभ करने का अनुरोध भी किया, ताकि उनके बच्चे इसी विद्यालय से अपनी आगे की शिक्षा जारी रख सकें। इस पर प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर संबंधित एसोसिएशन से चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि यह आयोजन वास्तव में “एक पंथ दो काज” का सशक्त उदाहरण है, जहाँ एक ओर विद्यार्थियों की सफलता का उत्सव मनाया गया, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों के श्रम और योगदान को सम्मानित कर सकारात्मक संदेश दिया गया।
अंत में प्राचार्य खुशबू ठाकुर ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सहभागिता विद्यालय परिवार को और अधिक सशक्त बनाती है। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी गई।


