Campus Boom.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के अंतर्गत एक प्रयास महिला समिति, कदमा की ओर से शनिवार को महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज में अपने संघर्ष और मेहनत से अलग पहचान बनाने वाली दो वरिष्ठ महिलाओं — सुनीता लाल दास और भानुमति पसुपुरेड्डी — को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि दोनों महिलाएं 70 वर्ष की उम्र में भी अपने परिश्रम और साहस के बल पर समाज में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की अध्यक्ष ज्योत्सना अस्थाना के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने महिला दिवस के उद्देश्य और उसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अनुपम कुमारी ने महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता को आवश्यक बताया। सम्मानित महिला सुनीता लाल दास ने अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिम्मत और आत्मविश्वास के बल पर आगे बढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में सरिता सिंह ने महिलाओं की शक्ति और संघर्ष को दर्शाती एक सशक्त कविता का वाचन किया। वहीं अर्चना ठाकुर ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनसे आगे बढ़ने के उपायों पर अपने विचार रखे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत रितु, स्वाति और सोमना चक्रवर्ती ने गीत और नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम का संचालन सीता सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंजू श्री ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मीनाक्षी सेन, साधना, मुक्ता सिन्हा, श्रावणी, कंचन लता, सुशीला, श्रावणीकर, स्वाति, बर्नाली, रीना पारितोष, रीता झा, कविता चौधरी, प्रीति और हिमांगिनी सहित कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


