Campus Boom.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में “जेंडर सेंसिटाइजेशन एंड इन्क्लूजन” विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का सफल समापन हुआ। कार्यशाला में जेंडर समानता, समावेशिता, युवा विकास तथा महिलाओं की राजनीतिक एवं व्यावसायिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से विचार साझा किए।
समापन अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) इला कुमार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विश्वविद्यालय को नई दिशा प्रदान करती हैं तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों में सामाजिक संवेदनशीलता एवं समावेशी सोच को बढ़ावा देती हैं।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता प्रेमलता पूनिया ने विभिन्न गतिविधियों एवं समूह चर्चाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को जेंडर समानता, नेतृत्व क्षमता और युवा विकास के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। सात समूहों में आयोजित चर्चा में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
समापन समारोह में कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, रिसोर्स पर्सन एवं सेंटर कोऑर्डिनेटर डॉ. पीयूष माल पहाड़िया, मैनेजर विशाल प्रसाद, रिसोर्स पर्सन प्रेमलता पूनिया, जेएसएफडीए की अधिकारी राधिका सचदेवा, दीपा वर्मा, कार्यशाला की संयोजक एवं नोडल अधिकारी डॉ. मनीषा टाइटस सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।
कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए डॉ. मनीषा टाइटस, डॉ. अनिता मिश्रा, सभी रिसोर्स पर्सन एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीषा टाइटस ने किया।


