Campus Boom.
जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी के सिदगोड़ा परिसर में गुरुवार से “जेंडर सेंसिटाइजेशन एंड इन्क्लूजन” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने किया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं में समाज के प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व करने और सफलता हासिल करने की पूर्ण क्षमता है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी नीतियों से संभव नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत परिवार और विद्यालय से मिलने वाली समानता की शिक्षा से होती है। बेटियों और बेटों के बीच समान अवसर एवं समान सम्मान का भाव बचपन से विकसित किया जाना चाहिए। जब समाज में समान अवसर और सम्मान की संस्कृति स्थापित होगी, तभी वास्तविक अर्थों में महिला सशक्तिकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
यह कार्यशाला झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी (जेएसएफडीए), उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार तथा हमारी लाडो फाउंडेशन, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 6 एवं 7 अगस्त को आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला में प्रेमलता पूनिया (एमबीए, एक्सएलआरआई), राधिका सचदेवा (पीएचडी शोधार्थी, आईआईटी मुंबई एवं पूर्व संकाय सदस्य, दिल्ली विश्वविद्यालय) तथा दीपा वर्मा (एमबीए, एक्सएलआरआई) ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा, नेतृत्व विकास और कार्यस्थल पर समान अवसर जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सलोमी कुजूर तथा लिंक ऑफिसर (एकेडमिक एंड आईटी) डॉ. अन्नपूर्णा झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की ओर से डॉ. पीयूष माल पहाड़िया (सेंटर कोऑर्डिनेटर) एवं विशाल प्रसाद (मैनेजर, अकादमिक, ट्रेनिंग एवं आउटरीच) ने कार्यशाला के उद्देश्य, जेंडर संवेदनशीलता की आवश्यकता तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में समावेशी वातावरण विकसित करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का समन्वयन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर एवं नोडल ऑफिसर डॉ. मनीषा टाइटस के नेतृत्व में किया गया, जबकि डॉ. अनीता मिश्रा ने सह-समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं विभिन्न महाविद्यालयों के संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवादात्मक सत्रों, समूह चर्चाओं एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने जेंडर समानता, समावेशिता तथा संवेदनशील कार्य-संस्कृति के विविध आयामों को समझा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं उच्च शिक्षा संस्थानों में समान अवसर, सम्मान और समावेशी वातावरण को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


