Campus Boom.
जमशेदपुर। जगन्नाथपुर, गम्हरिया स्थित वैदिक विद्यालय नव ज्योति विद्या मंदिर में रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के सचिव डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गोस्वामी तुलसीदास के जीवन, साहित्यिक योगदान एवं उनके विचारों से परिचित कराया।
समारोह में भाजपा की पूर्व जिला अध्यक्ष रेशमी साहू, राहुल सिंह, राजीव कुमार श्रीवास्तव एवं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनामिका श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों ने राम दरबार की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की, जबकि बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से किए गए हनुमान चालीसा पाठ ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना दिया।
छात्र संसद के मंत्रियों ने ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की नवनिर्वाचित छात्र संसद के मंत्रियों ने भी शपथ ली। उन्होंने विद्यालय, विद्यार्थियों एवं शिक्षा व्यवस्था के हित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा विद्यालय की बेहतरी के लिए सेवा भाव से योगदान देने का संकल्प लिया।
समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका अनामिका श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और महान विभूतियों के जीवन से परिचित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के लिए विद्यालय में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं प्रधानाध्यापिका के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


