Campus Boom.
स्वर्गीय सैनिक जसवंत सिंह की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सिविल डिफेंस (नागरिक सुरक्षा), मानगो की ओर से डिवीजनल वार्डन बलवंत सिंह के नेतृत्व में पृथ्वी पर्यावरण उद्यान, मानगो में वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पी.के. झा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक दिलावर साहू, गायत्री परिवार के ट्रस्टी सुरेश लाल तथा पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सुशील सिंह शामिल थे।
अपने संबोधन में विधायक सरयू राय ने कहा कि “एक पेड़ दस पुत्रों के समान होता है।” उन्होंने कहा कि जुलाई माह वन महोत्सव के रूप में मनाया जाता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, लेकिन औद्योगिक प्रदूषण और जहरीली गैसें पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए।
सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पी.के. झा ने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वहीं दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप कुमार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना और अधिक से अधिक पेड़ लगाना प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है।
डिवीजनल वार्डन बलवंत सिंह ने कहा कि मनुष्य भोजन के बिना कई दिन और पानी के बिना कुछ दिन जीवित रह सकता है, लेकिन ऑक्सीजन के बिना कुछ मिनट भी जीवन संभव नहीं है। इसलिए जीवनदायिनी प्रकृति और पेड़-पौधों के महत्व को समझते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में वाल्मीकि सिंह, आजाद सिंह, नित्यानंद सिंह, विनोद राय, कैलाश सिंह, मृत्युंजय सिंह, राजेश कुमार, बबलू सिंह सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित थे।


