Campus Boom.
मैट्रिक परीक्षा में 98.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बहरागोड़ा के छात्र ओम कुमार आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। साधारण परिवार से आने वाले ओम ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। पिता कमालकांत कर एक छोटा सी इलेक्ट्रॉनिक का दुकान चलाते हैं, मां ग्रिहिणी है. माता पिता, शिक्षक और बाहरगोड़ावासी ओम की सफलता से काफी खुश और प्रभावित हैं.
प्रस्तुत है ओम से कैंपस बूम की प्रतिनिधि मधुमिता घोष से हुई खास बातचीत के प्रमुख अंश—
प्रश्न: सबसे पहले इस बड़ी सफलता पर आपको कैसा महसूस हो रहा है?
ओम कुमार: बहुत खुशी हो रही है। यह मेरे लिए ही नहीं, मेरे परिवार और शिक्षकों के लिए भी गर्व का क्षण है।
प्रश्न: आपकी इस सफलता का सबसे बड़ा श्रेय किसे जाता है?
ओम कुमार: मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के शिक्षकों और ट्यूशन शिक्षकों—हरिहर मैती, हेमंत कर और समीर गिरी—को देता हूं। साथ ही मेरे मामा लोकेश कर का मार्गदर्शन भी बहुत महत्वपूर्ण रहा।
प्रश्न: आपकी पढ़ाई की रणनीति क्या रही?
ओम कुमार: मैंने नियमित और अनुशासित पढ़ाई पर ध्यान दिया। रोजाना लगभग 19 घंटे पढ़ाई करता था और हर विषय को समय देकर तैयारी की। कठिन विषयों पर अधिक फोकस किया।
प्रश्न: आज के समय में मोबाइल एक बड़ा विचलन है, आपने इसे कैसे संभाला?
ओम कुमार: मैंने मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई से जुड़े कार्यों के लिए ही किया। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी, जिससे ध्यान भंग न हो।
प्रश्न: आपके विषयवार अंक भी काफी अच्छे हैं, क्या कोई खास विषय पसंदीदा रहा?
ओम कुमार: मुझे गणित और विज्ञान विषय ज्यादा पसंद हैं, इसलिए इन पर मैंने विशेष ध्यान दिया।
प्रश्न: आगे का आपका लक्ष्य क्या है?
ओम कुमार: मेरा सपना इंजीनियर बनना है। इसके लिए मैं आगे की पढ़ाई पूरी मेहनत और लगन से करूंगा।
प्रश्न: अन्य छात्रों के लिए आपका क्या संदेश है?
ओम कुमार: मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। परिस्थितियां कैसी भी हों, अगर मन में दृढ़ संकल्प हो तो सफलता जरूर मिलती है।
ओम कुमार की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बहरागोड़ा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी कहानी यह साबित करती है कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह में बाधा नहीं बन सकते।



