Campus Boom.
भारतीय स्पोर्ट क्लाइंबिंग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी के तीन खिलाड़ियों — अमन, अनीशा और जोगा ने एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अमन और अनीशा ने लीड क्लाइंबिंग स्पर्धा में अपनी जगह बनाई है, जबकि जोगा ने स्पीड क्लाइंबिंग में सफलता हासिल की है। आने वाले समय में और खिलाड़ियों के क्वालीफाई करने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
यह सफलता जमीनी स्तर से शुरू हुए एक सशक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की निरंतर प्रगति को दर्शाती है। टीएसएएफ के तहत क्लाइंबिंग गतिविधियों की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी, जब देश में इस खेल के लिए पर्याप्त संरचित सुविधाएं और वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रणाली उपलब्ध नहीं थीं। वर्ष 2021 में जमशेदपुर की स्थानीय समुदायों से जुड़े मात्र 10 खिलाड़ियों के साथ टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी की औपचारिक स्थापना की गई थी।
कम समय में ही यह अकादमी एक मजबूत खेल इकोसिस्टम के रूप में विकसित हो चुकी है। वर्तमान में झारखंड और ओडिशा में 1000 से अधिक क्लाइंबर इससे जुड़े हुए हैं। अकादमी के अंतर्गत 16 ग्रासरूट प्रशिक्षण केंद्र और 2 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा, 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व और कई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीत इसकी उपलब्धियों में शामिल हैं।
टीएसएएफ ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। अकादमी द्वारा आईएफएससी एशियन किड्स क्लाइंबिंग चैंपियनशिप (2022 एवं 2023) और आईएफएससी एशियन यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप (2024) जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी की जा चुकी है।
गौरतलब है कि एशियन गेम्स 2022 में भी टीएसएएफ के दो खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं, 2026 संस्करण के लिए तीन खिलाड़ियों का क्वालीफाई करना इस अकादमी को देश के प्रमुख हाई-परफॉर्मेंस केंद्रों में और मजबूती से स्थापित करता है।
एक मजबूत प्रतिभा श्रृंखला के साथ टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी का लक्ष्य भविष्य में और अधिक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतारना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। जमीनी स्तर से उत्कृष्टता तक का यह सफर लगातार जारी है।


