Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में शनिवार, 2 मई को एनुअल प्राइज नाइट 2026 का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आर्का जैन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार एवं निदेशक डॉ अमित कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि पूर्वी सिंहभूम महिला समन्वय समिति की सचिव डॉ निर्मला शुक्ला द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्रों को उनके शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सफलता का मूल मंत्र कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण है: श्रीवास्तव
मुख्य अतिथि डॉ अमित कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का मूल मंत्र कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अभावों में पले-बढ़े लोग अक्सर बड़ी सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने धीरूभाई अंबानी और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।
जीवन पेन्सिल की तरह है, उठाना होगा, तभी वो सफलता लिखेगी: डॉ शुक्ला
वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ निर्मला शुक्ला ने ‘पेंसिल’ की प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को निरंतर प्रयास करते रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सफलता इस बात पर निर्भर नहीं करती कि आप किस शहर या स्कूल से पढ़े हैं, बल्कि इस पर निर्भर करती है कि आपकी सोच कितनी बड़ी है। उन्होंने डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए उनके साधारण जीवन से महान ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरक यात्रा का उल्लेख किया।
स्कूल सभी बच्चों को अवसर देता है, जरुरत है अभिभावक भी उनकी प्रतिभा को पहचाने : अवधेश सिंह
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने सभी प्रतिभागियों, विजेताओं और सहयोगियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि विवेक विद्यालय अपनी संस्कृति और परंपरा के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की प्रतिभा को समझें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।


