Campus Boom.
कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के मानविकी संकाय द्वारा पीजी विभाग के सभागार में महान कवि, चिंतक, समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती की स्मृति में भारतीय भाषा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मानविकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ तपन कुमार खनराह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की जबकि विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के हिंदी विभाग से प्रो (डॉ) मिथिलेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सुब्रमण्यम भारती के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ तपन कुमार खनराह ने सुब्रमण्यम भारती के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक महान कवि, विचारक, समाज सुधारक एवं सक्रिय राष्ट्रवादी बताया। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं है, बल्कि वह भारत में हमारी सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राजनीतिक पहचान का सशक्त आधार है।
हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ पीयूष कुमार ने अपने वक्तव्य में स्थानीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया तथा जाति एवं लिंग समानता पर आधारित समाज की स्थापना के लिए सुब्रमण्यम भारती के संघर्ष को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि प्रो (डॉ) मिथिलेश कुमार सिंह ने अपने विद्वतापूर्ण व्याख्यान में सुब्रमण्यम भारती के साहित्यिक योगदान के साथ-साथ भारतीय भाषाओं की स्थिति, महत्त्व एवं विविधता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भारतीय भाषाओं की वर्तमान स्थिति को वैश्विक स्तर पर लुप्तप्राय भाषाओं की चिंता से भी जोड़ा।
दुनिया के कई भाषाओं पर संकट है. दुनिया के अलग अगल देशों में सन 2000 के बाद से कई भाषाएं लुप्त हुई है. भारत में 1961 के बाद से 700 भाषाओं के खत्म होने की जानकारी मिलती है. भाषा के संरक्षण से ही संस्कृति बचेगी. इसलिए भाषाओं का संरक्षण जरूरी है. भारत के संदर्भ में यह इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि इसमें अधिकांश क्षेत्रीय हैं जो देश में ही कुछ जगहों पर बोली जाती है जिसे वैश्विक क्या राष्ट्रीय स्तर पर भी बोले जाने वालों की संख्या सीमित है.
डॉ मिथिलेश कुमार सिंह
कार्यक्रम में विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।


