Campus Boom.
जमशेदपुर। झारखंड के युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने क्वेस कॉर्प (एनएपीएस ट्रेनिंग पार्टनर) के समन्वय से एमआरएफ लिमिटेड, दहेज (गुजरात) प्लांट के लिए लीड ट्रेनी (LEAD Trainee) एवं एनएपीएस ट्रेनी (NAPS Trainee) पदों पर भर्ती अभियान शुरू किया है।
संस्थान के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत चयनित अभ्यर्थियों को एमआरएफ के अत्याधुनिक दहेज प्लांट में कार्य करने का अवसर मिलेगा। उन्हें रबर टेक्नोलॉजी एवं विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) से जुड़े आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण के साथ आकर्षक वेतन, कौशल विकास और दीर्घकालिक करियर निर्माण का अवसर भी प्राप्त होगा।
भर्ती के लिए एनएपीएस श्रेणी में 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि लीड प्रोग्राम के लिए डिप्लोमा, किसी भी विषय में स्नातक तथा बी.ई./बी.टेक. उत्तीर्ण उम्मीदवार पात्र होंगे। एनएपीएस के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा लीड प्रोग्राम के लिए 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को एनएपीएस के तहत ₹19,500 प्रतिमाह, स्नातक अभ्यर्थियों को ₹21,000 प्रतिमाह तथा बी.ई./बी.टेक. अभ्यर्थियों को ₹22,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बस सुविधा, कैंटीन, आवास, आधुनिक औद्योगिक वातावरण में कार्य करने का अवसर तथा कौशल विकास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड के युवाओं को देश की अग्रणी कंपनियों से जोड़कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि एमआरएफ लिमिटेड और क्वेस कॉर्प के सहयोग से शुरू किया गया यह भर्ती अभियान युवाओं के लिए अपने करियर को नई दिशा देने का सुनहरा अवसर है।
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र आवेदन करने की अपील करते हुए बताया कि चयन पूरी तरह मेरिट और कंपनी के निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए 99341 41233 पर संपर्क कर सकते हैं। यह भर्ती अभियान ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, साकची, जमशेदपुर द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जबकि क्वेस कॉर्प इसके ट्रेनिंग पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है।


