Campus Boom.
जमशेदपुर के साकची स्थित दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी (पूर्व में डीएमएम लाइब्रेरी) में भारतीय वायु सेना के अग्निवीर वायु भर्ती को लेकर एक जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वायु सेना में करियर बनाने को लेकर गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध रोजगार एवं करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा भर्ती प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर 10 एयरमेन सिलेक्शन टीम के जूनियर वारंट ऑफिसर अजय शर्मा एवं मनदीप ने विद्यार्थियों को अग्निवीर वायु योजना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता, शैक्षणिक योग्यता एवं मेडिकल जांच से संबंधित आवश्यक जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं। अधिकारियों ने कहा कि वायु सेना में शामिल होने के लिए अनुशासन, समर्पण और शारीरिक फिटनेस अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग एवं शैक्षणिक पृष्ठभूमि के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और प्रशिक्षण से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका सरल भाषा में संतोषजनक उत्तर दिया गया।
अधिकारियों ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारतीय वायु सेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम के बाद उपस्थित युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई विद्यार्थियों ने भारतीय वायु सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
प्रतिभागियों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने भविष्य के लिए सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


